रेलिंग से टकरा गई बाइक, महिला मरी
संवाद सहयोगी, हाथरस : आगरा मार्ग के गांव बास अमरू के निकट सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से एक बाइक टकरा गई, जिससे बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायलों को ग्रामीणों ने टेम्पो के माध्यम से आगरा भेजा।
आगरा के थाना मलपुरा के गांव जारउआ खेड़ा निवासी 55 वर्षीय ओमप्रकाश अपनी पत्नी सरोज व 18 वर्षीय पुत्र जितेन्द्र उर्फ छोटू के साथ हाथरस के गांव तुरसैन में अपनी पुत्री के ससुर की मौत पर गमी में आये थे। यहां से वह बाइक से वापस अपने गांव जा रहे थे। गुरुवार को शाम करीब छह बजे गांव बास अमरू के प्राथमिक विद्यालय के आगे सड़क के दोनों किनारों पर लोहे की पत्तियों वाली रेलिंग लगी हुई है। बाइक अचानक रेलिंग से टकरा गयी, जिससे महिला का मुंह रेलिंग से जा भिड़ा। जबड़े की साइड से मुंह कट गया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। ओमप्रकाश की हालत ज्यादा गम्भीर होने पर घायल दोनों पिता-पुत्र को ग्रामीणों ने तत्काल एक टेम्पो से आगरा भेज दिया। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर आ गई। क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेते हुए कार्रवाई की। महिला का शव एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया।
कार से टकराया
साइकिल सवार
अलीगढ़ रोड इंडस्ट्रीयल एरिया के पास एक साइकिल सवार सपा के राष्ट्रीय महासचिव अशोक प्रधान की कार से टकरा गया। अशोक प्रधान सपा कार्यालय से शहर की ओर लौट रहे थे। इधर पप्पू पुत्र चोब सिंह निवासी एहवरनपुर साइकिल से गांव की ओर लौट रहा था। दुर्घटना में घायल पप्पू को अशोक प्रधान व अन्य सपा कार्यकर्ता जिला अस्पताल लेकर आए। इस दौरान काफी तादाद में लोग जिला अस्पताल पर जमा थे। पप्पू को प्राथमिक उपचार दिलवाने के बाद घर ले जाया गया।
बाइक सवार छात्र की मौत
क्रासर-
आगरा से परीक्षा देकर लौटते समय खंदौली क्षेत्र में हुआ हादसा
मृतक सहपऊ के गांव खोड़ा का रहने वाला, छाया मातम
संवाद सहयोगी, सहपऊ : गुरुवार की देर शाम को आगरा से बाइक पर लौट रहे एक छात्र की मौत हो गई। यह हादसा खंदौली क्षेत्र के गांव बगलघूंचा के पास हुआ। छात्र परीक्षा देकर घर लौट रहा था।
खोड़ा के रहने वाले कुंवर जयपाल का 21 वर्षीय बेटा शस्त्रशाल्य उर्फ बिट्टू आगरा में बीकाम कर रहा था। गुरुवार की शाम को वह परीक्षा देने के बाद बाइक से अपने घर के लिए लौट रहा था। जैसे ही वह गांव खंदौली के गांव बगलघूंचा के पास पहुंचा कि तभी तेज गति में आ रहे वाहन ने उसकी बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन व ग्रामीण मौके के लिए दौड़ पड़े। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई की है।