सुलह न करने पर मार दी महिला को गोली
पिहानी, संवाद सूत्र : पिहानी कोतवाली क्षेत्र में पेशी पर जा रही एक महिला को गोली मार दी गई। उसने अप
पिहानी, संवाद सूत्र : पिहानी कोतवाली क्षेत्र में पेशी पर जा रही एक महिला को गोली मार दी गई। उसने अपने पति के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें सुलह के लिए दवाब बनाया जा रहा है। महिला के जेठ व भांजे पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है।
संडीला निवासी महिला पिहानी के ग्राम अब्दुल्ला नगर निवासी अपनी बहन के यहां रह रही है। महिला ने पति के विरुद्ध गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया था और उसी मामले में उसका पति शकील सीतापुर जेल में बंद है। मुकदमा भी सीतापुर में ही चल रहा है। बुधवार की सुबह भी वह पेशी पर जाने के लिए अब्दुल्लानगर मोड़ के पास बस के इंतजार में खड़ी थी। उसी समय किसी ने उसको गोली मार दी। गोली दाहिनी तरफ सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले पिहानी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गोली मारने के पीछे मुकदमे में सुलह न करना बताया जा रहा है। महिला के बहनोई अनीस बेग ने लिखाए मुकदमे में कहा कि घायल महिला के पति शकील के विरुद्ध दर्ज गैंगरेप का मामला सीतापुर में चल रहा है। उसी को वापस लेने का लगातार दवाब बनाया जा रहा था। जब वह नहीं मानी तो उसके जेठ मुशीर निवासी किसान टोला संडीला व भांजे मुशीर निवासी ग्राम अंधा थाना काकोरी लखनऊ बुधवार सुबह बाइक से आए और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। एसएसआई कुलदीप सेंगर ने बताया कि अनीस बेग की तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
घटना के कई पहलू संदिग्ध : पुलिस की पड़ताल में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। महिला के जहां फायर लगा वहां एक आध छर्रे ही नजर आए। वहीं पुलिस तहकीकात में यह भी निकल कर आया कि महिला ने पिछले महीने धमकी देने का एक मामला थाना पिसावां सीतापुर में भी लिखाया था।
खंगाली जाएगी काल डिटेल : पुलिस उन आरोपियों की काल डिटेल भी खंगालेगी जिन पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। पुलिस को शक है कि महिला ने इस घटना को अपने मुकदमे से जोड़ने के लिए इस तरह का कुचक्र रचा गया है, लेकिन यह सब तभी तय होगा जब पुलिस पूरी गहनता से छानबीन कर ले।