शहीद स्मारक के लिए सेना ने मांगी भूमि
हरदोई, जागरण संवाददाता : शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मिटने वालों के यही बाकी निशा
हरदोई, जागरण संवाददाता : शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मिटने वालों के यही बाकी निशां होंगे। देश के लिए अपनी जान गंवाने वाले जनपद के नीर निवासी शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष उदय सिंह गौर की शहादत को अमर करने की कोशिशें सेना ने शुरू कर दी हैं। अशोक चक्र से सम्मानित हर्ष उदय सिंह की प्रतिमा स्थापित करने और स्मारक बनाने को भारतीय सेना ने जिलाधिकारी से उनके पैतृक गांव में भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया है।
जनपद नीर के निवासी हर्ष उदय सिंह गौर 19 जुलाई 1973 में बिहार रेजीमेंट की 10वीं बटालियन में भर्ती हुए थे। 29 नवंबर 1994 को जम्मू कश्मीर के बारामूला जनपद के बाजीपुरा गांव में आतंकवादियों से लड़ते हुए श्री गौर शहीद हो गए थे। उनकी इस शहादत को सम्मान देने के लिए अशोक चक्र से मरणोपरांत सम्मानित किया गया था। अब इसी क्रम में श्री गौर का स्मारक स्थापित करने की योजना बिहार रेजीमेंट के लेफ्टिनेंट जनरल गोविंद सिंह चंदेल की देखरेख में बनाई जा रही है। कर्नल के कमान अधिकारी अनिल यादव की ओर से इस बारे में जिलाधिकारी को पत्र भेज कर अवगत कराया गया है। पत्र में स्मारक का निर्माण कराने के साथ-साथ प्रतिमा की स्थापना के लिए भूमि आवंटित करने का अनुरोध भी किया गया है।
आज रखी जाएगी अस्थाई प्रतिमा : फिलहाल यह निर्णय लिया गया है कि 29 नवंबर यानी शनिवार को कर्नल गौर की एक प्रतिमा अस्थाई तौर पर स्थापित की जाएगी। इसके लिए ग्राम प्रधान के अलावा कर्नल गौर के परिजनों को भी सूचनार्थ पत्र भेजा गया है। अस्थाई स्मारक भी फिलहाल बना दिया जाएगा।
डीएम बोले : जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने बताया कि शहीदों के सम्मान को बरकरार रखा जाएगा। संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी को इस बावत भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश दिए जाएंगे।