बाग में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
पिहानी, संवाद सूत्र : पिहानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को घर से निकले एक व्यक्ति का शव शनिवार को गां
पिहानी, संवाद सूत्र : पिहानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को घर से निकले एक व्यक्ति का शव शनिवार को गांव के बाहर बाग में संदिग्ध हालत में पड़ पाया गया। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। इसी के साथ किसी से रंजिश होने से भी इनकार किया है।
पिहानी थाना क्षेत्र के बखरिया निवासी छोटे सिंह (40) बलवीर सिंह गांव में ही खेती किसानी करते थे। परिवार में उनके पत्नी, पांच पुत्रियां और चार पुत्र हैं। छोटे सिंह के भाई बड़क्के सिंह ने बताया कि वह कभी कभार नशा भी कर लेते थे। छोटे सिंह शुक्रवार शाम को घर से किसी काम से निकले थे। देर रात तक घर वापस न आने पर परिवारीजनों को चिंता हुई। खोज बीन की गई, लेकिन कहीं कोई अता पता नहीं चल सका। परिवारीजन अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित रहे।
शनिवार को ग्रामीणों ने गांव के पूरब की ओर स्थित बाग में एक शव पड़ा देखा। शव पड़े होने की जानकारी पर ग्रामीण और परिवारीजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान छोटे सिंह के रूप में की गई। बताया कि उनके सिर पर चाकुओं के प्रहार के कई निशान थे। आशंका जताई कि चाकू के प्रहार से ही उनके भाई की हत्या की गई है। हादसे की जानकारी से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर बड़क्के सिंह ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। घटना क्यों और किसने की है इसकी अभी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पुलिस को भी अभी अज्ञात के विरूद्ध ही तहरीर दी गई है। घटना के कारणों और वास्तविक लोगों की जानकारी के बाद ही किसी को आरोपित किया जा सकेगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।