तकनीकी खामी से ढूंढ़ते रह गए ट्रेन
हरदोई, जागरण संवाददाता : रेलवे में किया गया आधुनिकीकरण यात्रियों के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों के ल
हरदोई, जागरण संवाददाता : रेलवे में किया गया आधुनिकीकरण यात्रियों के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों के लिए भी मुसीबत का सबब बना हुआ है। शुक्रवार को जहां एनटीईएस (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) पूरे दिन ठप रहा। वहीं शनिवार को सर्वर में खामी के चलते कंप्यूटरीकृत टिकट वितरण प्रणाली दगा दे गई। इसके चलते आरक्षण कराने आए लोगों को बड़ी संख्या में निराश होकर वापस लौटना पड़ा। वहीं व्यवस्था दुरुस्त होने की आस में काउंटर पर लोगों की लाइन भी लगी नजर आई।
रेलवे में विभागीय कर्मचारियों को भी ट्रेन की लोकेशन पता करने के लिए एनटीइएस की मदद लेनी पड़ती है। इसके लिए पूछताछ काउंटर पर एक विशेष कंप्यूटर सिस्टम भी लगा हुआ है। इससे जानकारी करने के बाद ही स्टेशन आने वाले लोगों को विभिन्न ट्रेनों की आवागमन की स्थिति बताई जाती है। शुक्रवार को वैसे ही स्टेशन पर काफी भीड़ थी। हर कोई ट्रेनों की स्थिति पता करने के लिए पूछताछ काउंटर का रुख कर रहा था, लेकिन विभागीय कर्मचारी कोई सटीक जानकारी दे पाने में असमर्थता व्यक्त कर रहे थे। दरअसल एनटीइएस जिस सर्वर से जुड़ा है वह काफी डाउन था। इसके चलते एनटीइएस खुल नहीं रहा था और कर्मचारियों को ट्रेन की लोकेशन नहीं मिल पा रही थी। विभाग में जारी पुरानी व्यवस्था के आधार पर कर्मचारियों ने ट्रेन की स्थिति पता करके यात्रियों को बताई। शनिवार सुबह से एनटीइएस दुरुस्त हो गया।
उधर दूसरी ओर शनिवार को कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली ने भी लोगों को परेशान किया। सर्वर में समस्या के चलते दोपहर तक आरक्षण का कार्य बाधित रहा। शुक्रवार को भी यही समस्या हुई थी। इसके चलते शनिवार को अधिकतर लोग वापस लौट गए तो साथ ही साथ कुछ ऐसे भी लोग रहे जिन्हें व्यवस्था में सुधार की उम्मीद थी। यह लोग लाइन में लगे रहे। स्टेशन अधीक्षक रामरतन ने बताया कि समस्या उत्पन्न होने की जानकारी विभाग के आला अधिकारियों को दे दी गई है। हालांकि उन्होंने कहा कि शनिवार दोपहर बाद स्टेशन पर दोनों ही समस्याएं पूरी तरह दूर हो गई थीं।