अंधेरी रात में हरियाली पर चला आरा तो जाना होगा जेल
हरदोई, जागरण संवाददाता : काली स्याह रातों में अब हरियाली पर आरा नहीं चल पाएगा। परमिट होने पर भी रात में पेड़ों का कटान नहीं किया जाएगा। अंधेरी रातों में हरियाली पर आरा चलाने वालों को जेल भी जाना होगा। रात के अंधेरे में पेड़ काटे जाने की शिकायत मिलने पर परमिट भी निरस्त कर दिया जाएगा।
बीते गुरुवार को किसान गोष्ठी विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में हुई थी। इस दौरान कई किसान नेताओं ने डीएम रमेश मिश्र से शिकायत दर्ज कराई थी कि हरे पेड़ों का अवैध कटान रात में कर लिया जाता है। नेताओं का कहना था कि लकड़कट्टे विभागीय अधिकारियों से मिलीभगत कर एक-दो पेड़ों को काटने का परमिट बनवा लेते हैं और फिर रात में एक-दो पेड़ की आड़ में बड़ी संख्या में पेड़ काट दिए जाते हैं। इस बावत जिलाधिकारी ने प्रभागीय वन निदेशक आरके त्रिपाठी से शुक्रवार को विस्तृत वार्ता की थी। वार्ता के बाद जिलाधिकारी ने यह निर्णय लिया कि किसी भी हाल में रात में पेड़ों का कटान नहीं किया जाएगा। उन्होंने इससे संबंधित पत्रावली में परमिट जारी करते समय उक्त तथ्य का उल्लेख करने के निर्देश प्रभागीय निदेशक को दिए हैं। इन निर्देशों में कहा गया है कि परमिट होने के बाद भी अगर रात में पेड़ काटे जाते मिले तो परमिट निरस्त कर वन अधिनियम के तहत उल्लेखित धाराओं कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि यह निर्णय चंद पेड़ों की आड़ में रात में वृहद स्तर पर होने वाले कटान पर रोक लगाने के उद्देश्य से किया गया है।