अंत समय तक किला फतह करने को लगाया जोर
हरदोई, जागरण संवाददाता: लोक सभा चुनाव में किला फतह करने के लिए अंत समय तक जोर लगाया गया। बुधवार को तो प्रत्याशियों ने दिनरात एक कर दिया। रूठे मनाने का सिलसिला चलता रहा और तो और गुटबाजी होने पर एक एक गांव में दो दो बस्ते भेजे गए।
वैसे तो चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद से ही प्रत्याशियों ने प्रचार शुरू कर दिया था। चुनाव माहौल पक्ष में करने के लिए नेताओं ने हर जोर अजमाइश की। करीब एक माह तक चले सत्ता के संग्राम का बुधवार अंतिम दिन रहा और प्रत्याशियों ने पूरा जोर लगा दिया। घर रुठे को मनाया गया। और तो और कुछ गांवों में गुटबाजी के चलते प्रत्याशियों ने दो दो बस्ते दिए। वैसे तो अंतिम समय दावत का दौर चलता है लेकिन चुनाव आयोग की डर से ऐसा नहीं हो सका। बस किसी तरह काम चलाया गया। बुधवार की देर रात कर जोड़ तोड़ चलती रही और गुरुवार की सुबह का इंतजार होता रहा।