बारिश और ठंड हवाओं में छूटी कंपकंपी
हरदोई, जागरण संवाददाता : मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी बिगड़ा रहा। दिन भर ठंडी तेज हवाएं चलती रहीं तो कभी तेज तो कभी धीमी गति से बरसात होती रही। बरसात के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अलग-अलग स्थानों पर जलभराव के कारण भी लोगों को परेशानियां हुई।
गुरुवार को दोपहर बाद आई आंधी से मौसम का मिजाज बिगड़ गया था। शुक्रवार को भी मौसम के तेवर नरम नहीं पड़े। सुबह से ही तेज हवाएं चलती रहीं और आसमान में बादलों ने अपना डेरा जमाए रखा। काली घटाएं हवा के तेज रुख में उड़ती नजर आई, लेकिन दिन में कई बार रुक-रुक कर बारिश हुई। मौसम विभाग की वेधशाला के प्रेक्षक जयशंकर मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को आठ मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्शियस और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्शियस दर्ज किया गया। श्री मिश्र ने बताया कि दिन भर 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं।
दिन में भी सर्दी का अहसास
मौसम का मिजाज बिगड़ा तो दिन में भी सर्दी का एहसास हुआ। पिछले लगभग एक माह से गर्मी से परेशान जो लोग हाफ शर्ट पहन कर घूम रहे थे, उन्होंने न सिर्फ फुल शर्ट पहन ली, बल्कि हाफ स्वेटर और शाल ओढ़ने से भी परहेज नहीं किया।
जगह-जगह हुआ जलभराव
शुक्रवार को दिन में हुई बारिश के बाद जहां एक ओर नवीन गल्ला मंडी परिसर में बुरी तरह जलभराव हो गया, वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में भी जगह-जगह पानी भरा रहा। इससे इतर शहर के मुहल्ला कौशलपुरी, सुभाष नगर, आजाद नगर, नुमाइशपुरवा में जलभराव की समस्या हो गई। इसके चलते राहगीरों को काफी परेशानियां हुई।