Move to Jagran APP

भाजपा की मजबूती के पीछे रहा कांग्रेस का 'हाथ'

By Edited By: Published: Thu, 17 Apr 2014 05:50 PM (IST)Updated: Thu, 17 Apr 2014 05:50 PM (IST)
भाजपा की मजबूती के पीछे रहा कांग्रेस का 'हाथ'

हरदोई, जागरण संवाददाता: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा को मजबूती देने के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया। कहा कि केंद्र की सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस की गलत आर्थिक नीतियों से देश पिछड़ता चला गया और हाशिए पर रहने वाली भाजपा को ताकत मिली। भाजपा को चालू पार्टी बताते हुए नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा कहा कि उनके पीछे कई ताकतें हैं और पर्दे के पीछे से वह ताकतें राजनीति करा रही हैं।

loksabha election banner

हरदोई संसदीय क्षेत्र से सपा प्रत्याशी ऊषा वर्मा के समर्थन में शाहाबाद में आयोजित जनसभा में सांसद पत्नी डिंपल यादव के साथ आए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि आज विदेश में देश का अपमान हो रहा है। नेता से लेकर अधिकारियों तक को विदेशों में अपमानित किया जा रहा है। कांग्रेस की गलत आर्थिक नीतियों से देश की हालत खराब हुई। 55 साल के शासनकाल में कांग्रेस ने देश को कुछ नहीं दिया। उनकी गलत आर्थिक नीतियों से भाजपा को ताकत जरूर मिली है। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात की आड़ में देशवासियों को गुमराह कर रही है। उत्तर प्रदेश जैसी जन कल्याणकारी योजनाएं भाजपा शासित किसी भी राज्य में नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी से पर्दे के पीछे से राजनीति कराई जा रही है। आरएसएस, ंिवश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने मोदी को पहले आगे किया, फिर भाजपा ने उन्हें नेता माना। मोदी आरएसएस के इशारे पर ही राजनीति कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के सपा को हर मुद्दे पर फेल बताने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा गुजरात माडल लिए घूम रही है, जोकि बकवास माडल है। क्या उनके राज्य में किसानों को मुफ्त सिंचाई मिल रही है, क्या कन्या विद्या धन योजना, एंबुलेंस, पेंशन आदि जैसी योजनाएं चल रही हैं। नरेंद्र मोदी के दिल में सभी के लिए प्रेम और बनारस में मुसलमानों का भी साथ मिलने के सवाल पर मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि एक तरफा प्यार हमेशा निराशा ही देता है। नरेंद्र मोदी ने कह दिया कि इससे क्या सभी उनसे प्रेम करने लगेंगे। बनारस की जनता सेकुलर सोच की है और मोदी को वहां जाने पर ही असलियत पता चलेगी। इससे पहले कन्नौज से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने गुजरात माडल को झुनझुना बताया। कहा कि भाजपा की यूपी में दाल गलने वाली नहीं। राष्ट्रीय महासचिव सांसद नरेश अग्रवाल ने बसपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि हाथी की सवारी हमेशा से खतरनाक मानी जाती है। मुसलमान हाथी पर कभी नहीं बैठता। इस्लाम के धार्मिक ग्रंथ में सभी सवारियों का जिक्र है पर हाथी कहीं पर नहीं आया। जनसभा को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल, मत्स्य निगम के अध्यक्ष राजपाल कश्यप, जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने भी संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.