11 बिजली घरों के कर्मचारी गए हड़ताल पर
जागरण संवाददाता, हापुड़ : दिवाली के त्योहार से पहले ऊर्जा निगम को बड़ा झटका लगा है। विभिन्न मांगों को
जागरण संवाददाता, हापुड़ : दिवाली के त्योहार से पहले ऊर्जा निगम को बड़ा झटका लगा है। विभिन्न मांगों को लेकर संविदा लाइनमैन और सब स्टेशन आपरेटर हड़ताल पर चले गए हैं। मंगलवार को मांगों को लेकर कर्मचारियों ने आवास विकास कालोनी स्थित अधीक्षण अभियंता के कार्यालय पर धरना देते हुए नारेबाजी की। सुबह दस बजे से धरना शुरू हो गया। त्योहार पर हड़ताल पर गए कर्मचारियों के कारण उपभोक्ताओं को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
अध्यक्ष नरेंद्र त्यागी और सचिव शिवकुमार ने कहा कि एक आरटीआई मांगी गई थी। जिसमें बताया गया है कि निविदा कर्मियों का न्यूनतम वेतन कुशल श्रमिक 8397 तथा अकुशल श्रमिक वेतन 6814 रुपये बताया गया है। जबकि किसी भी निविदा कर्मी को उक्त वेतन नहीं दिया गया है। वर्तमान में कुशल श्रमिक वेतन 5500 रुपये तथा अकुशल श्रमिक वेतन 5000 रुपये दिया जा रहा है। यह वेतन भी चार या पांच माह में दो माह का दिया जाता है। जबकि श्रमिकों का वेतन प्रतिमाह देने की बात कहीं गई है। जिससे प्रतीत होता है कि कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि हमारा वेतनमान प्रतिमाह दिलाया जाए। श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन कराया जाए। वर्दी और टीएण्डपी दी जाए।
धरना देने वालों में महेश चंद, सतीश कुमार, चंद्रशेखर शर्मा, रवि कुमार, राकेश कुमार आजाद, मनोज कुमार, ब्रजेश कुमार, सुदेश कुमार, संतु, गुरमीत, बिरजू, सुखबीर, मनोज कुमार तोमर, राजू, अमित, जोनी, दिनेश और महावीर शामिल रहे।
अधिकारी कहिन
संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता चल रही है। उम्मीद है कि जल्द हड़ताल खत्म हो जाएगी। उपभोक्ताओं को दिवाली पर कोई परेशानी ना झेलनी पड़े। इसके लिए विभाग पूरी कोशिश कर रहा है। जो कर्मचारी हड़ताल पर गए है। उन्हें एक सप्ताह पहले नोटिस देना चाहिए था। लेकिन नोटिस नहीं दिया गया।
बीएल मौर्य, अधीक्षण अभियंता
धरी रह गई विभाग की दिवाली पर तैयारी
दिवाली पर प्रत्येक घर तक बिजली पहुंचे इसके लिए बिजली विभाग ने तैयारी लगभग पूरी कर ली थी। लेकिन मंगलवार को अचानक हुई हड़ताल के कारण इस बार बड़ा नुकसान उपभोक्ताओं को झेलना पड़ सकता है। यदि कहीं फाल्ट हुआ तो उसे लाइनमैन ही ठीक करता है, लेकिन लाइनमैन हड़ताल पर हैं। साथ ही बिजली घर को आपरेट करने वाले और बिजली घर में लगे फीडरों को चलाने वाले सब स्टेशन आपरेटर तक हड़ताल पर है। ऐसे में बिजली घर को आपरेट करने वाले ही नहीं है तो लोगों को बिजली कहां से मिलेगी। ऊर्जा निगम के अधिकारियों की भी सांस इस हड़ताल के कारण फूल गई है। हड़ताल में अतरपुरा चौपला, पटना मुरादपुर, पटना स्वर्ग आश्रम रोड, दिल्ली रोड, मोदीनगर रोड, धीरखेड़ा, अतराड़ा, उबारपुर, रामपुर रोड और प्रीत विहार के कर्मचारी हड़ताल पर है। इन बिजली घरों से लाखों लोगों को आपूर्ति दी जाती है।