देर शाम लगा जाम, लोग हलकान
हापुड़: जाम नगर हापुड़ एक बार फिर जाम के संकट में फंसा नजर आया। सोमवार शाम एक बार फिर इस कदर जाम लगा क
हापुड़: जाम नगर हापुड़ एक बार फिर जाम के संकट में फंसा नजर आया। सोमवार शाम एक बार फिर इस कदर जाम लगा कि वाहनों के पहिये जहां थे वहीं थम गए। जाम में फंसे अधिकतर लोग किसी शादी समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे। लेकिन जाम ने इन लोगों को सारा मजा किरकिरा कर दिया। शाम से ही लगा जाम देर रात तक रहा। जिसके चलते बैंड की धुन पर जहां बाराती नाच रहे थे, वहीं जनपद की यातायात व्यवस्था भी बैंड की धुन पर नाचती नजर आयी।
सोमवार को शादियों के जबरदस्त साये के कारण शाम के समय जैसे ही वाहनों का दबाव बना तो सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया। नगर में तहसील चौपले, मेरठ तिराहे, पक्का बाग व अतरपुरा चौपला सहित कई स्थानों पर वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग गयी। पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। लेकिन इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ। यहां से निकलने के लिए लोगों को घंटों लग गए। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन जो लोग एक बार जाम में फंस गए उन्हें निकलने में काफी समस्या का सामना करना पड़ा। देर रात तक लोग जाम से जूझते रहे। जाम में फंसे वाहनों को निकालने के लिए पुलिस कर्मी भी नतमस्तक नजर आए।
सीओ यातायात राजकुमार सिंह का कहना है कि शादियों के साए के कारण जाम लगा था। लेकिन पुलिस ने व्यवस्था को बनाए रखते हुए लोगों को कोई असुविधा नहीं होने दी गयी।