खुला जानवर छोड़ने पर होगा मुकदमा
हमीरपुर जागरण संवाददाता: अन्ना जानवरों से किसानों की हो रही फसल बर्बादी को जिलाधिकारी उदयवीर सिंह ने
हमीरपुर जागरण संवाददाता: अन्ना जानवरों से किसानों की हो रही फसल बर्बादी को जिलाधिकारी उदयवीर सिंह ने संज्ञान में लिया है। इसके लिए जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी और थानाध्यक्षों को कड़े आदेश दिए हैं। कहा है कि किसी भी पशु पालक के जानवर खुला पाए जाएं तो पशु पालक पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसमें यदि किसी की शिथिलता पायी जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी थानाध्यक्षों सहित अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा है कि वर्तमान समय में किसानों के द्वारा बोई गई फसल को अन्ना पशुओं द्वारा नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जिससे जनपद के किसानों में आक्रोश पनप रहा है। जनपद में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। यह स्थिति सही नहीं है। कहा कि पशुपालकों द्वारा अपने जानवरों को चराने के लिए छोड़ा जाता है। पशुओं की रखवाली करने के लिए एक व्यक्ति का होना बहुत जरूरी है। डीएम ने सभी अधिकारियों और थानाध्यक्षों को हिदायत देते हुए निर्देश दिए हैं कि अपने -अपने क्षेत्रों में मुनादी करवा दें। कोई भी पशु पालक चरने के लिए छुट्टा जानवर कतई न छोड़े। इस काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।