गृहमंत्री को दी घटना की जानकारी-साध्वी निरंजन ज्योति
हमीरपुर, जागरण संवाददाता: हमीरपुर की पुलिस ने अंग्रेजी हुकूमत को भी पीछे छोड़ दिया है। बिंवार कांड
हमीरपुर, जागरण संवाददाता:
हमीरपुर की पुलिस ने अंग्रेजी हुकूमत को भी पीछे छोड़ दिया है। बिंवार कांड की पूरी घटना गृहमंत्री से मिलकर बताई है। पूरे घटना की सीबीआई जांच कराई जाए। मजिस्ट्रेटी जांच पर मुझे विश्वास नहीं है। बिंवार कांड को लोक सभा में भी उठाया गया है। किसी निर्दोष व्यक्ति को जेल नहीं भेजा जाएगा। उसके लिए भाजपा कुछ भी करने को तैयार है। अगर जरुरत पड़ी तो प्रदेश का एक-एक कार्यकर्ता हमीरपुर आ जाएगा। उक्त बात कलेक्ट्रेट पहुंची केंद्रीयमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कही। शाम करीब सात बजे कलेक्ट्रेट पहुंची भाजपा की केंद्रीयमंत्री ने मीडिया से कहा कि अगर जनपद की डीएम व एसपी छेड़छाड़ के मामले को गंभीरता से लेते तो बवाल नहीं होता। हमीरपुर की यह पहली घटना है। पुलिस की लापरवाही से दो होनहार छात्रों की जान चली गई। पुलिस ने गरीब लोगों को जेल में बंद किए हुए है। उसमें एक चौदह साल का लड़का भी है। जानवर चराने वाले, मजदूरी करने वाले लोगों को घर जाते समय रास्ते से पकड़ कर जेल भेज दिया गया है। उहोंने कहा कि गांव में अभी भी पुलिस का भय इस कदर व्याप्त है कि लोग घरों से बाहर ही नहीं निकल रहे है। छात्रा के परिजन कहां है यह पूछने पर उहोंने कहा कि वह लोग पुलिस से इतना भयभीत है कि घर जाने से डर रहे है। पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक, उपेंद्र सिंह गौतम, किशन व्यास आदि लोग मौजूद रहे।