यमुना पुल 13 दिन बाद फिर से दरका
हमीरपुर, जागरण संवाददाता : गुरुवार को यमुना पुल के दस नंबर खंभे के ऊपर की स्लैब में दरार आ गई। 13 दि
हमीरपुर, जागरण संवाददाता : गुरुवार को यमुना पुल के दस नंबर खंभे के ऊपर की स्लैब में दरार आ गई। 13 दिन में पुल एक बार फिर क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद भी दो घंटे तक ट्रैफिक चलता रहा जिसे बाद में पुलिस ने बंद कराया। हालांकि कुछ देर बाद सिंगल लेन से ट्रैफिक कर दिया गया। मौके पर पहुंचे पीएनसी कंपनी के अधिकारी पुल की जांच में जुटे थे।
19 जून को पुल के दो नंबर खंभे के पास दरार आई थी। ऊपरी स्लैब के साथ दोनों बीमों में भी दरार थी। 12 दिन तक मरम्मत के बाद पुल को बीते बुधवार को दोपहर दो बजे से बड़े वाहनों के लिए भी खोल दिया था। हालांकि ओवरलोड वाहनों पर बंदिश बरकरार थी। गुरुवार शाम को कानपुर की ओर से दस नंबर खंभे के ऊपर की स्लैब में दरार आ गई और कुछ हिस्सा धंस भी गया। वाहन चालकों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। वहीं पुल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी के बाद भी पुल से वाहनों का आवागमन बंद नहीं हुआ। वाहन करीब दो घंटे तक गुजरते रहे। बाद एएसपी आदित्य प्रकाश वर्मा के निर्देश पर दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया गया। बाद में एक लेन हल्के वाहनों के लिए खोल दी गई। पीएनसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष के मुताबिक अभी ऊपरी स्लैब में हल्की दरार दिख रही है।
छठवीं बार क्षतिग्रस्त हुआ यमुना पुल
यमुना पुल कुल छह बार क्षतिग्रस्त हो चुका है। सबसे पहले 2009 में इसके बाद 2011 व 2013 तथा 2014 में क्षतिग्रस्त हुआ था। इस बार 19 जून 2015 के बाद 2 जुलाई को छठवीं बार फिर यमुना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।