शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़
हमीरपुर, जागरण संवाददाता : शिवाकांत शंभो शशांकार्ध मौले महेशान शूलिन जटाजूट धारिन.. का अनवरत जाप करते शिवभक्तों ने मन और प्राण से महेश्वर शिव की अर्चना-वंदना की। शिवार्चन का यह क्रम सुबह से शुरू होकर देर रात तक चलता रहा।
सावन का तीसरा सोमवार शिवभक्ति की श्रद्धा सैलाब सा लेकर आया। घरों, मंदिरों और शिवालयों में शिवभक्तों ने शिवपूजन सामग्री से भोलेनाथ का विधिवत अभिषेक किया। दूध, घी, शहद, पंचामृत से शिवलिंगों का अभिषेक करने के बाद भोले के भक्तों ने उनका सुंदर श्रंगार किया। घरों में भी शिवपूजन विधिवत संपन्न हुआ। पुरोहितों को बुलाकर श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक संपन्न करवाया। नगर स्थित मां चौरा देवी मंदिर, पातालेश्वर मंदिर और मेरापुर स्थित संग महेश्वर मंदिर में मुंह अंधेरे से देर रात तक पूजा-पाठ का क्रम चलता रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में शिवभक्ति की बयार जोरों से बहती रही। शिवभक्तों ने नदियों व सरोवरों में स्नान कर जयकारे लगाते हुए भोलेबाबा को प्रसन्न करने का प्रयास किया। कुछ मंदिरों में मेलों का भी आयोजन हुआ जिसमें बड़ों और बच्चों ने भागीदारी की।