व्यापारी की मौत का चाचा को लगा सदमा, मौत
सुमेरपुर, संवाद सहयोगी: बीते गत शनिवार को ट्रक से कुचलकर की गई व्यापारी की हत्या को मृतक का चाचा बर्दास्त नहीं कर सका। घटना स्थल से लौटने के बाद सदमे के चलते उसने भी दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि अरविंद गुप्ता निवासी सुमेरपुर की शनिवार को ट्रक से कुचलकर मौत हो गई थी। इस पर ट्रक चालक पर पत्नी ने हत्या का मुकदमा भी दर्ज कराया था। विनोद कुमार गुप्ता अरविंद का चाचा था। घटना की खबर पाकर वह भी घटनास्थल पर गए थे। वहां दर्दनाक सीन देखकर उसे बहुत कष्ट हुआ। वहां से लौटने के कुछ समय बाद उसे हार्ट अटैक पड़ गया। तो गंभीर अवस्था में विनोद का पुत्र पिता को रिक्शे में लादकर उपचार के लिए दर-दर भटकता रहा। मगर न कहीं उपचार मिला और न ही एंबुलेंस मिली। उपचार में देरी हो जाने से उसने एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही दम तोड़ दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद चाचा-भतीजे का अंतिम संस्कार हमीरपुर के यमुना तट पर एक साथ किया गया।
24 घंटे बाद भी अभियुक्त पकड़ से दूर
सुमेरपुर संवाद सहयोगी: घटना के 24 घंटे बाद भी ट्रक से कुचलकर गल्ला व्यापारी को मौत के घाट उतारने वाला अभियुक्त पुलिस की पकड़ में नही आ सका। हालांकि पुलिस ने अभियुक्त के पिता पर पुत्र को हाजिर करने का दबाव बनाया है।
शनिवार की दोपहर डेढ़ बजे जब राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन फर्राटा भर रहे थे। उसी समय गल्ला मंडी से अरविंद गुप्ता दोपहर का भोजन करने को जा रहा था। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने कुचल डाला था। मौके पर उसकी मौत हो गई थी। व्यापारी की पत्नी राधा गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि उसके पति को दो दिन पूर्व 16 अप्रैल को दिनेश गुप्ता उर्फ साधू के पुत्र शिवप्रकाश ने जान से मारने की धमकी दी थी।