गोरखपुर में सरेबाजार लड़की को उठाया, यूपी 100 भी काम न आया
गोरखपुर में सरेबाजार असलहों की दम पर लड़की का अपहरण कर लिया गया। इस वारदान में 100 नंबर पर दी गई सूचना का भी तत्काल कोई लाभ नहीं मिल सका।
गोरखपुर (जेएनएन)। गोरखपुर में कल गुलरिहा क्षेत्र में एक गांव से घर में घुसकर 17 वर्षीय किशोरी को सनसनीखेज ढंग से अगवा कर ले जाने की घटना सामने आई है। किशोरी के पिता ने इस मामले में अपने ममेरे भाइयों सहित चार युवकों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है।
किशोरी का भाई आरोपियों में से एक की बहन को पंद्रह दिन पहले भगा ले गया था। माना जा रहा है कि इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने उसकी बहन को अगवा किया है। किशोरी का घर गांव से बाहर एकांत में है।
यह भी पढ़ें: सपा विधायक की पत्नी की दबंगई, स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर
दिन में 11 बजे के आसपास उसके माता-पिता बरामदे में बैठे थे। किशोरी घर के अंदर थी। दो बाइक से तीन युवक पहुंचे। बाइक खड़ी की और घर के अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। इन सभी ने विरोध करने पर उन्होंने असलहा निकाल लिया। किशोरी के माता-पिता को जान से मारने की धमकी देते हुए उसको साथ लेकर फरार हो गए। 100 नंबर पर सूचना देने पर पहुंची पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) ने अपहर्ताओं को खोजने का प्रयास किया लेकिन उनका पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ में बस में लूट के बाद दो महिलाओं से दुष्कर्म
किशोरी के पिता ने बालापार, चिलुआतल निवासी दो ममेरे भाइयों पर अपहरण का आरोप लगाया है। गांव के दो युवकों पर उनका सहयोग करने का आरोप है। बताते हैं किशोरी का रिश्तेदारी की एक लड़की को साथ लेकर पंद्रह दिन पहले फरार हो गया था। चिलुआताल थाने में इसकी सूचना भी दर्ज है। काफी तलाश के बाद भी आजतक उनका पता नहीं चला। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मामला दर्ज किया गया
गुलरिहा थाना के उप निरीक्षक परविंदर राय ने बताया कि किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना पंद्रह दिन पहले चिलुआताल क्षेत्र से लड़की को भगा ले जाने से जुड़ी है। छानबीन की जा रही है। इस प्रकरण के आरोपी जल्दी ही पकड़ लिए जाएंगे।