Air Service : 30 नवंबर से बंद होगी गोरखपुर से बेंगलुरू की उड़ान, यह है कारण Gorakhpur News
गोरखपुर से बेंगलुरु की स्पाइस जेट की उड़ान 30 नवंबर से बंद हो जाएगी। गोरखपुर से मुंबई की एक उड़ान पहले ही बंद की जा चुकी है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर से बेंगलुरु की स्पाइस जेट की उड़ान 30 नवंबर से बंद हो जाएगी। विमानन कंपनी ने जहाज की मरम्मत के लिए उड़ान बंद करने का निर्णय लिया है। गोरखपुर से मुंबई के लिए एक उड़ान पहले ही बंद की जा चुकी है।
ट्रेन से 50 घंटे, फ्लाइट से लगते हैं मात्र ढाई घंटे
गोरखपुर से ट्रेन से बेंगलुरू की यात्रा करने पर कम से कम 50 घंटे लगते हैं, जबकि जहाज से यात्रा करनेे में महज ढाई घंटे ही लगते हैं। गोरखपुर से हवाई सेवा बंद होने के बाद इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अब लखनऊ या दिल्ली से जाना पड़ेगा। बेंगलुरू की हवाई सेवा से छात्रों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। गोरखपुर और आसपास के जिलों के काफी छात्र बेंगलुरू में पढ़ते हैंं। आने-जाने में लगने वाला समय बचाने के लिए वे हवाई सेवा का उपयोग करते थे।
मुंबई की एक फ्लाइट पहले ही हो चुकी है बंद
गोरखपुर से बेंगलुरू के लिए हवाई सेवा सात जनवरी 2019 को शुरू हुई थी। तभी से बिना रुकावट के उड़ान जारी थी। किराया भी 4000 से 8000 के बीच रहने की वजह से लोग बेंगलुरू जाने या वहां से गोरखपुर आने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे। गोरखपुर से मुंबई के लिए दो में से एक फ्लाइट पहले ही बंद हो चुकी है।