चुनाव में गठबंधन की बात नहीं: त्रिलोक त्यागी
गोरखपुर: राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चुनाव में किसी से गठबंधन की
गोरखपुर: राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चुनाव में किसी से गठबंधन की बात नहीं है, हम पूरी तैयारी अकेले तैयारी कर रहे हैं। भविष्य में भी उस सीट पर कोई समझौता नहीं होगा, जिस विधान सभा क्षेत्र में बूथ लेबल तक कमेटियां गठित कर ली गयी हों। विधान सभा चुनाव 2017 के लिए कार्यकर्ताओं को तन-मन से लगने का आह्वान किया।
त्यागी मारवाड़ इंटर कालेज के सामने प्रांगण में रालोद के पूर्वी क्षेत्र के पहले जोनल सम्मेलन में 27 जनपदों से आए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कहा कि हमें मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन में अपनी ताकत का एहसास कराना होगा।
विशिष्ट अतिथि पूर्व सिंचाई मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि छह और सात अगस्त को बस्ती में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हो रही है, पहले दिन कार्यकारिणी की बैठक और दूसरे दिन खुला अधिवेशन होगा। बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर को विशेषकर अपना ताकत दिखानी होगी। नौ अगस्त क्रांति दिवस को पूरे प्रदेश में 'सिंहासन छोड़ो कि जनता आती है' नारे के साथ धरना-प्रदर्शन कर एक ही प्रारूप का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को देने का कार्य किया जाएगा। यह बताना होगा कि राष्ट्रीय लोकदल खड़ा हो गया है, अब भ्रष्टाचारियों की नहीं चलने पाएगी।
राष्ट्रीय सचिव व पूर्वाचल राज्य बनाओ दल के पूर्व अध्यक्ष डा. सुधाकर पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल राज्य पुनर्गठन का स्पष्ट हिमायती है। बिना छोटे राज्य बने पूर्वांचल का विकास संभव नहीं है। अध्यक्षता पूर्वी जोन के अध्यक्ष इं. संतोष मिश्र ने की, संचालन प्रदेश सचिव रजनीकांत मिश्र ने किया।
सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष नर्वदेश्वर तिवारी, जिलाध्यक्ष गोरखपुर रमेश सिंह सैंथवार, महानगर अध्यक्ष नरेंद्र श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष देवरिया विपिन कुमार श्रीवास्तव, ओंकार नाथ सिंह, राकेश सिंह, राजा ऐश्वर्याराज, मुन्ना, किरन सिंह, डा. सुरेश यादव, नजमुद्दीन कासमी, छात्र नेता अंशुमान सिंह, कृष्ण चंद्र मिश्र, रणजीत विश्वकर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।