खोराबार में नकब लगाकर नकदी व सामान चोरी
गोरखपुर : बहरामपुर, खोराबार के शिवपुरी टोले में जोधन निषाद के घर की मिट्टी की दीवार में सोमवार की रा
गोरखपुर : बहरामपुर, खोराबार के शिवपुरी टोले में जोधन निषाद के घर की मिट्टी की दीवार में सोमवार की रात नकब लगाकर चोर नकदी सहित हजारों का सामान उठा ले गए। नींद खुलने पर गृहस्वामी ने फोरलेन तक उनका पीछा किया लेकिन चोरों के द्वारा जान से मारने की धमकी देने पर वे वापस लौट गए। गृहस्वामी ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
कुसम्हीं बाजार संवाददाता से मिली खबर के अनुसार रात में 2.30 बजे के आसपास चोर घर में घुसे थे। नकब लगाकर जिस कमरे में वे घुसे थे, उसमें एक बड़े बाक्स में कीमती बर्तन रखा हुआ था। उसका ताला तोड़कर बर्तन बाहर निकालने के बाद उसी कमरे में रखा जेवरात का बाक्स बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान बगल के कमरे में सो रही जोधन की बहू धनदेई की नींद खुल गई। उन्होंने चोरों को बाक्स लेकर बाहर निकलते देख लिया। उनके शोर मचाने पर घर के बरामदे में सो रहे जोधन व उनकी पत्नी शांति देवी की नींद खुल गई। पति-पत्नी घूमकर घर के पीछे पहुंचे तो तीन युवक बाक्स व बर्तन लेकर भागते दिखाई दिए।
जोधन उनका पीछा करते हुए फोरलेन पर पहुंचे तो वहां चोरों के दो और साथी पहले से मौजूद थे। धनई के साथ गली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। जिससे सहम कर वह वापस घर चले गए। गृहस्वामी के मुताबिक चोर करीब एक लाख के गहने और पचास हजार के बर्तन ले गए हैं। खोराबार पुलिस इस मामले मे छानबीन कर रही है ।