मातृशक्ति के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेंगी कनक : योगी
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : समाज के विकास में स्व. डा. कनक त्रिपाठी अपने व्यक्तित्व के जरिए मातृशक्ति
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : समाज के विकास में स्व. डा. कनक त्रिपाठी अपने व्यक्तित्व के जरिए मातृशक्ति के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेंगी। समाज के निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान रहा।
यह बातें गोरक्षपीठाधीश्वर व सदर सांसद महंथ योगी आदित्यनाथ ने कहीं। वह शिक्षाविद् डा. कनक त्रिपाठी के नाम पर बेतियाहाता स्थित पं. हरिहर प्रसाद दुबे मार्ग से उदया पब्लिक स्कूल तक जाने वाली सड़क का लोकार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम अध्यक्ष महापौर डा. सत्या पांडेय ने कहा कि अपने नाम के अनुरूप कनक ने समाज में प्रकाश बिखेरा। बतौर विशिष्ट अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रताप शुक्ल ने कहा कि कनक रचनात्मक क्षमता की धनी थीं। विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विचार मनुष्य को अच्छे कर्म की प्रेरणा देते हैं। पूर्व पार्षद हरिप्रकाश मिश्र ने भी विचार व्यक्त किए।
अतिथियों का स्वागत स्व. कनक त्रिपाठी के पति डा. चंद्रप्रकाश त्रिपाठी व आभार ज्ञापन पूर्व पार्षद विष्णुकांत शुक्ल ने किया। संचालन निकेत नारायण सेवक पांडेय ने किया।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, पार्षद विजयलक्ष्मी शुक्ला, संतोष त्रिपाठी, ओमप्रकाश त्रिपाठी, प्रो. जितेंद्र त्रिपाठी, प्रो. सुग्रीव नाथ त्रिपाठी, मारकंडेश्वर मणि त्रिपाठी, विनय राय, अष्टभुजा शुक्ल पप्पू, वीरेंद्र भारती, यती कुमार वर्मा, दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, वीरेंद्र नायक, डा. सुधाकर लाल श्रीवास्तव, चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, अजय शाही, रणविजय चंद, सीमा त्रिपाठी आदि की उपस्थिति रही।