फेसबुक पर टिप्पणी करने वाले दरोगा के खिलाफ मुकदमा
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : पुलिस के पीआरओ सेल के फेसबुक पर अधिकारियों व हिन्दू धर्म से जुड़े देवताओ
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
पुलिस के पीआरओ सेल के फेसबुक पर अधिकारियों व हिन्दू धर्म से जुड़े देवताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने पर आइजी के पीआरओ शशिभूषण मिश्र ने सीतापुर के दरोगा अरविन्द पाण्डेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के पीआरओ सेल के फेसबुक से जिले के पुलिस कप्तानों के अलावा अन्य अधिकारी भी जुड़े हैं। आइजी सतीश कुमार माथुर भी इससे जुड़े हुए हैं। तकरीबन दस दिन पहले पुलिस की वर्दी पहनकर अरविन्द पाण्डेय के फेसबुक आइडी से अधिकारियों तथा हिन्दू देवी-देवताओं सीता आदि के खिलाफ भी अमर्यादित टिप्पणी की गई है। संतकबीरनगर के पीआरओ सेल देखा और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसी बीच कुछ पुलिस कप्तानों ने भी इसे देखा तो आइजी एसके माथुर को इसकी जानकारी दी। आइजी ने पीआरओ शशिभूषण मिश्र को इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले की छानबीन शुरु की गई। संभवत: अरविन्द पाण्डेय से बात भी की गई, लेकिन उसने टिप्पणी करने की बात से इन्कार किया। उसका कहना था कि किसी और ने उसकी आइडी इस्तेमाल किया है। बहरहाल आइजी के पीआरओ ने 23 नवंबर को इस मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। कैंट पुलिस आइटी एक्ट, अश्लील टिप्पणी, धार्मिक उन्माद फैलाने आदि का मुकदमा दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक अभी तक इस बात की तस्दीक नहीं हो पाई है कि अरविन्द पाण्डेय वाकई दरोगा है और उसकी तैनाती कहां है? पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।