फरार बदमाश के साथी व सिपाही को जेल भेजने की तैयारी
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
पुलिस अभिरक्षा से फरार शातिर बदमाश राणा प्रताप सिंह उर्फ पिंकू का पुलिस अभी पता नहीं लगा पाई है। इस बीच सहजनवां पुलिस उसको भागने में मदद करने वाले उसके एक साथी और उसे पेशी पर ले जाने वाले एक सिपाही धनंजय सिंह को जेल भेजने की तैयारी कर रही है। भागने में मददगार एक अन्य की तलाश की जा रही है।
पाली, सहजनवां निवासी पिंकू सिंह को इस साल 30 जनवरी को सहजनवां के तत्कालीन थानेदार संजय राय ने कार्बाइन और कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। तभी से वह गोरखपुर जिला कारागार में बंद था। उसके खिलाफ संतकबीरनगर जिले में वर्ष 2011 में लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। गत शुक्रवार को इसी मामले में संतकबीरनगर में उसकी पेशी थी। पेशी पर ले जाने के लिए दो सिपाहियों धनंजय सिंह और दीपक कुमार की ड्यूटी लगी थी। सिपाही उसे बाइक पर ले जा रहे थे। सहजनवां कस्बे में वे चाय पीने के लिए रुके। इसी दौरान मौका पाकर वह पुलिस वालों की अभिरक्षा से फरार हो गया।
भागने में उसकी मदद करने में सहजनवां क्षेत्र के ही गणेश और शेषनाथ उर्फ शेषन का नाम सामने आया। पुलिस ने गणेश को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के भागने में सिपाही धनंजय सिंह की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लिहाजा उसे तथा गणेश को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इस बीच छानबनी में पता चला है कि पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद पिंकू को गणेश और शेषन पाली गांव ले गए। वहां से संतोष नाम का उसका साथी अपने साथ लेकर कहीं चला गया। इस आधार पर संतोष की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।