कैमरे की नजर में चलेगा सफाई अभियान
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : अब यात्री रेलवे स्टेशन पर गंदगी ढूंढते रह जाएंगे। इसके लिए गोरखपुर स्टेशन पर 36 और बस्ती स्टेशन पर 4 कैमरे लगाए जा रहे हैं। उनकी निगरानी में ही सफाई अभियान चलाया जाएगा। स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर कैमरों की नजर रहेगी। गंदगी दिखते ही कंट्रोल उसकी सफाई कराएगा। कोई लापरवाही नहीं चलेगी।
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में पसरी गंदगी की शिकायतों को रेल मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है। ऐसे में देश भर के स्टेशनों पर 2 अक्टूबर से स्वच्छता महाअभियान चलाया जाएगा। अभियान के लिए मंत्रालय ने सभी जोनल कार्यालयों को दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने भी अभियान की सफलता को लेकर जोर-शोर से तैयारी कर रहा है। अभियान के लिए कुल 16 स्टेशनों का चयन कर लिया गया है। उनकी मानीटरिंग के लिए अधिकारी भी चयनित हो गए हैं। चप्पे-चप्पे पर टीम की निगरानी होगी। महाप्रबंधक स्वयं इसकी मानीटरिंग करेंगे। विभिन्न माध्यमों से आमजन को जागरूक किया जाएगा। स्टेशन पर घोषणा होगी, जगह-जगह पंफलेट चस्पा किए जाएंगे। नुक्कड़ सभाओं के जरिए स्टेशन और बाजारों में लोगों को सचेत किया जाएगा। स्कूलों में बच्चों को भी स्वच्छता के बारे में जानकारी दी जाएगी। मोबाइल उपभोक्ताओं को एसएमएस के जरिए जागरूक किया जाएगा कि वे यात्रा के दौरान गंदगी न फैलाएं। स्टेशन या ट्रेनों में गंदगी फैलाते पकड़े जाने पर 500 रुपये का जुर्माना भी लग सकता है। फिलहाल, पूर्वोत्तर रेलवे में 28 ट्रेनों में आन बोर्ड हाउस कीपिंग सर्विसेज (ओबीएचएस) लागू है।
---
रेल अधिकारी उठाएंगे झाडू
रेलमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा दिल्ली स्थित स्टेशन पर सफाई अभियान की शुरुआत करेंगे। वह खुद झाड़ू लगाकर अभियान का शुभारंभ करेंगे। ऐसे में अधिकारियों ने भी झाड़ू उठाने का मन बनाया है। विभागीय सूत्रों की माने तो 2 अक्टूबर को पूर्वोत्तर रेलवे के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी स्वच्छता अभियान चलाएंगे। सफाई कर्मचारियों के साथ स्वयं स्टेशन पर झाड़ू भी लगाएंगे। यही नहीं आमजन को इसके प्रति जागरूक भी करेंगे।