लूटी गई बाइक बरामद, दो गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
बेलघाट पुलिस ने जन्माष्टमी के दिन (17 अगस्त) लूटी गई बाइक बरामद कर ली। इस मामले में दो को गिरफ्तार किया है। दो अन्य की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बृजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 17 अगस्त को बनकट प्राथमिक विद्यालय के पास चार अभियुक्तों ने आमजगढ़ जिले के पवई थानान्तर्गत विक्रान्त मणि मिश्र को लाठी-डंडे से पीटकर उनकी बाइक छीन ली थी। इस मामले में बेलघाट पुलिस मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। गुरुवार को रात में ढाई बजे थानेदार ने अपने सहयोगियों के साथ बेलघाट के जैती (पांडेयपुरा) के सुनील यादव व शिवानंद यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बाइक बरामद कर ली।
एसपीआरए के मुताबिक पूछताछ में सुनील यादव यादव ने बताया कि वह टावर पर काम करता था। विक्रांत का भाई प्रशांत टावर पर बतौर टेक्नीशियन काम करता है। उनके कार्यक्षेत्र में कई टावर है। 12-14 दिन पहले उन्होंने सुनील यादव को नौकरी से हटा दिया था। इसी रंजिश में उसने बाइक लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना के दिन विक्रांत अपने साथी पिंटू चौहान के साथ कटया स्थित टावर गए थे। रात में तकरीबन 11.15 बजे वापस लौट रहे थे। सुनील को इसकी जानकार थी। लिहाजा उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ विक्रांत को मारपीट कर बाइक लूट ली थी।