हरियाली तीज पर कजरी की गूंज
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : जैमिनी अपार्टमेंट मेडिकल कालेज रोड में बुधवार को हरियाली तीज धूमधाम व उत्साह से मनाई गई। महिलाओं ने सावनी गीतों व कजरी की धुन पर समूह व एकल नृत्य प्रस्तुत कर सावन का स्वागत किया। इस अवसर पर अनेक खेल खेले गए जिसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत हाउजी से हुई। इसके बाद गुब्बारा दौड़, चूड़ी गेम, अंताक्षरी व नृत्य का आयोजन हुआ। महिलाओं ने 'सावन को आने दो', 'सावन का महीना पवन करे शोर' व 'सावन में बरसे बदरिया' सहित कई गीतों पर महिलाओं ने समूह व एकल नृत्य किया। साथ में बच्चे भी झूमते रहे। माहौल उत्सव व उल्लास से परिपूर्ण था। लोगों ने लजीज सावनी व्यंजनों का लुत्फ भी लिया।
चूड़ी गेम में सन्नू व पूनम ने बाजी मारी, गुब्बारा दौड़ में किरन व राज अरोरा विजयी रहीं। गेम का निर्देशन इंद्रा चौधरी ने किया। कार्यक्रम में रश्मि पोद्दार, रागिनी जायसवाल, मीना बंका, बबली, शशि भट्ट, बेबी, शिवानी, मोनी, दिव्या, लवीना, दीक्षा, बीना व बाबी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम में जैमिनी अपार्टमेंट के मैनेजर नवीन दत्ता का सक्रिय सहयोग रहा।
महिलाओं ने की मां पार्वती पूजा
महानगर में बुधवार को हरियाली तीज (सावनी तीज) परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाई गई। महिलाएं व्रत रहीं और मां पार्वती की पूजा-अर्चना कर मंगल कामना की।
सुबह से ही घरों में माहौल भक्ति से ओतप्रोत था। घर की साफ-सफाई की गई। महिलाओं ने नहा-धोकर श्रृंगार किया और व्रत रहने का संकल्प लिया। माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। जिन घरों में नई बहुएं आई थीं, वहां विशेष पूजा की गई। केले के पत्ते पर काजल से नाग-नागिन के चित्र बनाए गए। इस अवसर पर महिलाओं ने व्रत के महात्म्य से संबंधित कथाएं भी सुनीं। इसके बाद समूह में झूला झूलीं और सावन गीत व कजरी गाई।