गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : सम्राट अशोक की जयंती पर शुक्रवार को कुशवाहा, काछी, मौर्य हितकारिणी समिति के तत्वावधान में शोभायात्रा निकाली गई। भारत माता, महात्मा ज्योतिबा फुले, भगवान गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक व चंद्रगुप्त मौर्य की झांकियां आकर्षण का केंद्र थी। शोभायात्रा की शुरुआत अतिथियों ने रथ खींचकर की।
शोभायात्रा कोतवाली के पीछे स्थित एक मैरेज हाउस से शुरू हुई जो बक्शीपुर, रेती चौक, घंटाघर, हाल्सीगंज, बसंतपुर, हांसूपुर होते हुए कुशवाहा कैंपस में पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में महापुरुषों की झांकियों के अतिरिक्त ऊंट, घोड़े व बैंड बाजे शामिल थे। आगरा से आए गायक किताब सिंह बौद्ध सम्राट अशोक व तथागत बुद्ध पर गीत प्रस्तुत करते चल रहे थे। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा जिधर से गुजरी सड़क की दोनों पटरियों पर दर्शकों की भीड़ एकत्रित हो गई।
शोभायात्रा समाप्त होने के बाद आयोजित सभा में मुख्य अतिथि विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने सम्राट अशोक के व्यक्तित्व कृतित्व पर प्रकाश डाला। सभा को अमित कुशवाहा, अशोक कुमार कुशवाहा, गोविंद कुशवाहा, रामआधार मौर्य, जय प्रकाश ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर रंजीत कुशवाहा, ओम कुशवाहा, अनूप कुशवाहा, पूनम कुशवाहा, दिव्या मौर्य, शालिनी कुशवाहा व यशोदा देवी सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।