छींटाकसी का विरोध करने पर तीन महिलाओं को पीटा
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
बेलीपार थाना क्षेत्र में छींटाकसी का विरोध करने पर एक युवक व घर पर चढ़कर लाठी से दो गर्भवती महिलाओं व एक युवती की बुरी तरह मारापीटा। इस घटना में तीनों जख्मी हो गई। तीनों को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें एक गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई है। उसे रक्तस्राव हो रहा है।
कुसमौल संवाददाता के मुताबिक महाबीर छपरा के स्वर्गीय रामनरेश यादव की बेटी ममता (25 वर्ष) उनकी चचेरी बहन पूनम (22 वर्ष) घर के बाहर बैठी हुईं थी। दोनों गर्भवती हैं। पूनम की छोटी बहन सुमन दरवाजे पर खड़ी थी। उसी दौरान उधर से गुजर रहे पड़ोसी जोखन बरई का नाती 17 वर्षीय भीम ने सुमन पर छींटाकसी की। इसका विरोध करने पर वह गाली दिया और घर चला गया। उसके बाद वह अपने परिजनों के साथ लाठी डंडे से लैस होकर वहां पहुंचा। उन लोगों ने तीनों की खूब पिटाई की और फरार हो गए। प्रधान ने जख्मी तीनों को सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। बाद में उन्हें महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रक्तस्राव होने से ममता की हालत खराब बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस को सूचना दे दी गई है।