उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगा आशीर्वाद
गोंडा: गुरुवार की भोर, खैरा भवानी मंदिर का पोखरा, पूजन के लिए उमड़ी महिलाओं की भीड़, हर ओर छठ माता के
गोंडा: गुरुवार की भोर, खैरा भवानी मंदिर का पोखरा, पूजन के लिए उमड़ी महिलाओं की भीड़, हर ओर छठ माता के गीतों की गूंज.. के बीच उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ माता का पूजन किया गया। व्रत तोड़ने के बाद दिनभर घरों में छठ माता के गीतों गाये जाते रहे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया।
पिछले तीन दिनों से चल रहे छठ पर्व के आखिरी दिन गुरुवार की भोर में करीब तीन बजे से ही महिलाओं व अन्य सदस्यों का जमावड़ा शहर के खैरा भवानी मंदिर के पोखरे में लगना शुरू हो गया। यहां पर घर के पुरुष सदस्य सिर पर डौला में पूजन सामग्री रखकर आगे आगे चल रहे थे, पीछे छठ माता का गीत गाते हुए महिलाएं चल रही थी। पोखरे पर पहुंचकर महिलाओं ने पांव भर पानी में खड़े होकर आराधना शुरू कर दी। हर किसी ने छठ माता का गुणगान करने के साथ ही पूजन शुरू कर दिया। हर ओर छठ माता के जय-जयकार की धूम रही। सभी छठ माता का पूजन करके अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए आराधना करते नजर आये।
भोर में जैसे ही सूर्य देव प्रकट हुए सूर्य को अर्घ्य देने वालों की कतार लग गयी। हर कोई सूर्य देवता को अर्घ्य देने के लिए बेताब दिखा। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महिलाएं छठ माता का गीत गाते हुए वापस अपने घर पर पहुंची। यहां पर महिलाओं ने व्रत तोड़ा। इसके साथ ही पूरे दिन घरों में छठ माता के पूजन का दौर जारी रहा। जिससे घरों में पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। वैसे शहर के सेमरा कालोनी व रेलवे कालोनी में छठ पर्व को लेकर ज्यादा उत्साह दिखायी दिया। बभनान संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र में कई स्थानों पर छठ माता का पूजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
इनसेट