बेमिसाल है गोंडा की धरती : बृजभूषण शरण सिंह
जागरण कार्यालय, गोंडा : गोंडा की धरती बेमिसाल है। इसमें अद्भुद उर्वरा शक्ति है। यही नहीं प्रतिभाओं की अपार संपदा है। आवश्यकता है अपनी मिट्टी पहचानने और प्रतिभाओं को निखारने की।
यह विचार यहां शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित किसान महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य अतिथि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने व्यक्त किए। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रमों का उद्घाटन किया। सांसद श्री सिंह ने कहा कि दैनिक जागरण ने किसान महोत्सव आयोजित कर एक प्रशंसनीय कार्य किया है। महोत्सव में लगे विभिन्न स्टाल लोगों को न केवल कृषि बल्कि आधुनिक तकनीक व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जिला बहुत प्रतिभाशाली है। यदि यहां की प्रतिभाओं को संवारा जाय तो ये प्रतिभाएं देश ही नहीं विदेश में भी जनपद का नाम उंचा कर सकती हैं। महोत्सव में रंगोली, गायन व नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभाओं को प्रदर्शन का मौका दिया गया यह दैनिक जागरण की अच्छी पहल है। शनिवार को मेंहदी, गायन व नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इनमें लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इससे पूर्व एसपी मिश्र ने सांसद श्री सिंह, विधायक अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बृज किशोर भारती, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पलटूराम, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बेलसर पप्पू सिंह परास को बुके देकर स्वागत किया। समारोह में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कमरुद्दीन, जिला कृषि अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र, जिला पंचायत सदस्य राजू ओझा, संजीव सिंह,डॉ. प्रमोद त्रिपाठी, काशी सिंह,वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्द्र कुमार श्रीवास्तव, गंगा प्रसाद मिश्र, दीनानाथ त्रिपाठी,प्रधानाचार्य एसएन चतुर्वेदी, मनीष अग्रवाल, निर्मल श्रीवास्तव, समाजसेवी कृष्णकांत धर द्विवेदी, डॉ. उमा सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रमों का संचालन केके श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिताएं देर शाम तक चलती रहीं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर