जामुन की डाल स्कूटी पर गिरी, सराफा व्यापारी की मौत
गोंडा : परसपुर थाना क्षेत्र के परसपुर-डेहरास मार्ग स्थित डेहरास चौराहा के पास सोमवार शाम करीब चार ब
गोंडा : परसपुर थाना क्षेत्र के परसपुर-डेहरास मार्ग स्थित डेहरास चौराहा के पास सोमवार शाम करीब चार बजे स्कूटी सवार पिता-पुत्र पर जामुन की डाल टूटकर गिर गई जिसमें अभिषेक सोनी (21) निवासी रेलवे स्टेशन कॉलोनी कोतवाली अयोध्या जिला फैजाबाद की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका पिता अमरनाथ सोनी (46) गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों के सहयोग से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया जाता है कि अमरनाथ सराफ व्यवसाई है। वह बेटे अभिषेक के साथ कारोबार के सिलसिले में अयोध्या से सुबह करीब दस बजे आया था। यहां व्यापारियों के यहां काम पूरा करने के बाद वह दोनों घर के लिए रवाना हुए। शाम करीब चार बजे वह दोनों डेहरास चौराहे के पास पहुंचे थे तभी जामुन की डाल टूटकर उन दोनों पर गिर पड़ी। जब तक आसपास के लोग दौड़ते तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने बताया कि स्कूटी सवार हेलमेट को नीचे लटकाए था। यदि वह हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान नहीं जाती। मृतक के परिवारीजनों को सूचित कर दिया गया है। परिवारीजनों के आने के बाद पंचनामा की कार्रवाई होगी।