पद का दुरुपयोग कर दी दामादों को नौकरी : लक्ष्मीकांत
गोंडा : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष पर तंज कसते हुए
गोंडा : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष पर तंज कसते हुए प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला।
शुक्रवार को गोंडा व बलरामपुर के पदाधिकारियों के साथ महासंपर्क अभियान की समीक्षा के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय पर पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि एक दामाद को अपना ओएसडी व दूसरे को विधानसभा की पत्रिका का पहले संपादक, फिर मुख्य संपादक बनाया है। विधानसभाध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का यह कृत्य सामान्य व शिष्टाचार नियमों का उल्लंघन है। प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि बदायूं दुष्कर्म से लेकर पत्रकार हत्याकांड का हवाला देते हुए सूबे की कानून व्यवस्था की स्थिति को बदतर बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों को तो बाहर कर दिया गया, लेकिन रोक के बावजूद जिस कमरे में बच्चों ने व्हाइटनर का प्रयोग किया, वहां के कक्ष निरीक्षक, कापी जांचने वाले परीक्षक सहित अन्य जिम्मेदार अफसरों पर क्यों नहीं कार्रवाई की गई। बसपा को घेरते हुए कहा कि 26 जून को मेरठ के सर्किट हाउस में प्रदेश सरकार के मंत्री शाहिद मंजूर व बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ठहरे हुए थे। उसी समय वहां पर एक गाड़ी से कुछ लोग पहुंचे। इन लोगों ने उतरकर नोटों का पूरा बंडल लेकर जा रहे थे, तभी मीडियाकर्मियों की नजर उन पर पड़ी। फोटो खिंचने पर वे भाग खड़े हुए। इस बात की जांच की जानी चाहिए, वह पैसा किसके लिए मंगाया गया था।