तिहाड़ जेल से फरार कैदी को लेकर टीम रवाना
गोंडा : तिहाड़ जेल से फरार कैदी जावेद को दिल्ली और गोंडा पुलिस ने संयुक्त आपरेशन में बुधवार सुबह सात
गोंडा : तिहाड़ जेल से फरार कैदी जावेद को दिल्ली और गोंडा पुलिस ने संयुक्त आपरेशन में बुधवार सुबह सात बजे के करीब गिरफ्तार करने का दावा किया है। हालांकि गिरफ्तारी की अटकलें देर रात से ही लगाई जा रही थीं। इसके बाद सीजेएम कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर टीम दिल्ली रवाना हो गई है।
गिरफ्तार कैदी जावेद गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के लोहसीसा मैदानीपुरवा गांव का रहने वाला है। पुलिस टीम सर्विलांस के जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर मंगलवार को गोंडा पहुंची थी। इसके बाद एसपी आरपीएस यादव को जानकारी दी। देर रात कैदी के गिरफ्तार होने की खबर सामने आई, लेकिन कुछ स्पष्ट जानकारी पुलिस की ओर से नहीं दी गई। इस संबंध में बुधवार को गोंडा पुलिस ने बाकायदा विज्ञप्ति जारी कर कैदी के गिरफ्तार होने की जानकारी दी। कैदी जावेद को पहले इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया, बाद में जिला अस्पताल लाया गया। इसके बाद टीम के साथ आए अफसरों ने सीजेएम कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी देकर कैदी जावेद को कोर्ट में पेश किया। सीजेएम अनिल कुमार ने अर्जी को स्वीकार करते हुए ट्रांजिट रिमांड दे दी। एएसपी आरके ¨सह ने बताया कि दिल्ली से आई टीम कैदी जावेद उर्फ ¨रकू को लेकर रवाना हो गई है।