दुधमुंहे को उठा ले गया भेड़िया
गोंडा: शनिवार की रात मंगलपुरवा गांव में आया भेड़िया छह माह के दुधमुंहे बच्चे को उठा ले गया। मां के शो
गोंडा: शनिवार की रात मंगलपुरवा गांव में आया भेड़िया छह माह के दुधमुंहे बच्चे को उठा ले गया। मां के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों ने भेड़िया का पीछा किया, लेकिन वह भाग खड़ा हुआ। रविवार की सुबह खेत में मांस के लोथड़े मिले। इसे देख ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका प्रबल हो गई। उधर बच्चे की मां का रो-रोकर हाल बेहाल है।
घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के मंगलपुरवा गांव की है। गांव निवासिनी गुडाना अपने छह माह के दुधमुंहे बच्चे शाह आलम के साथ सो रही थी। रात दो बजे के करीब भेड़िया घर में घुस आया। बताते हैं कि भेड़िये ने मां के पास सोए शाह आलम को दबोच लिया। बच्चे को भेड़िये के चंगुल में देख मां गुडाना ने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीण कुछ करते, इससे पहले ही भेड़िया बच्चे को लेकर खेतों की तरफ भाग गया। ग्रामीणों ने रात में ही काफी खोजबीन की, मगर बच्चे का कोई पता नहीं चला। सुबह पास ही धान के खेत में खून से सने मांस के लोथड़े मिले। इसे देखकर पूरे क्षेत्र में आदमखोर भेड़िया के प्रति दहशत फैल गई। गुडाना के पिता शफरुल ने बताया कि उसकी बेटी गुडाना कुछ दिन पहले उसके घर आई थी। उसके चार बेटियों के बाद लड़का हुआ था जिससे उसके परिवार में खुशी का माहौल था। गुडाना ने बताया कि वह घर के बाहर मड़हे में सो रही थी। रात करीब 11 बजे उसने कुछ सरसराहट सुनी थी। कुत्ता समझकर भगा दिया था, मगर रात में दो बजे के करीब भेड़िया फिर घुस आया। इस घटना से गांव में दहशत फैल गई है। यही नहीं, बच्चे के परिवारीजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। यही नहीं, ग्रामीण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हल्का लेखपाल ने तहसील अधिकारियों को सूचना दी है। एसडीओ गोपाल ओझा ने बताया कि रेंजर को जांच के लिए भेजा गया है। टीम मौके पर कांबिंग में जुट गई है। यदि भेड़िया बच्चे को ले गया होगा तो नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।