पुजारी को लहूलुहान कर फेंका, मौत
गोंडा: गुरुवार को बनहादास मंदिर का पुजारी घायलावस्था में सड़क के किनारे मिला। चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने उसे काजीदेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुजारी के आंख व पैर में चोट के निशान मिले हैं। पुजारी को मारपीट कर फेंकने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरा भिटौरा परशुरामपुर के घुरुक पुरवा गांव की है। यहां के बनहादास मंदिर पर जय प्रकाश उर्फ बनवारी लाल (30) निवासी शांती नगर सिविल लाइन जिला छतरपुर मध्यप्रदेश पुजारी था। गुरुवार की सुबह चौकीदार जगराम ने थाने पर सूचना दी कि पुजारी सड़क के किनारे पटरी पर बेहोश पड़ा है। इसके बाद पुलिस ने उसे घायलावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजीदेवर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रिफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी सांसें थम गई। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक पुजारी की कुछ लोगों के साथ सुबह मारपीट हुई थी। इसमें वह घायल हो गया था। इसके बाद वे लोग भाग गए। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि सुबह नौ बजे के करीब चौकीदार से सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।