एलसीडी पर बच्चों ने देखा मंगलयान
गोंडा: मंगलयान के सफल प्रेक्षपण का पूरा नजारा बुधवार की सुबह स्कूली बच्चों ने एलसीडी स्क्रीन पर देखा। बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को सुना। बच्चों के चेहरे पर खुशी के साथ चमक भी थी। साथ ही आगे बढ़कर कुछ कर दिखाने का हौसला भी उनके मन में दिखा।
देश के वैज्ञानिकों ने बुधवार की सुबह मंगलयान को प्रेक्षापित किया। इस प्रेक्षपण की पूरी प्रक्रिया को शहर के केंद्रीय विद्यालय रेल परिसर में बच्चों को एलसीडी पर दिखाने की व्यवस्था कालेज प्रशासन ने की थी। यहां पर सुबह ही बच्चों को बुलाया गया था। सुबह जैसे ही साढ़े छह बजे प्रेक्षपण की प्रक्रिया शुरू हुई, सभी बच्चों को हाल में बैठा दिया गया। बच्चों ने प्रक्षेपण की प्रक्रिया के साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को सुना। कुछ बच्चे तो प्रेक्षापण प्रक्रिया की मोबाइल से वीडियो भी बना रहे थे। यहां पर मंगलयान के प्रेक्षपण की प्रक्रिया पर बच्चों ने खुशी जतायी।
बाहर आने के बाद राहुल, अंकुर, राजन का कहना था कि हमारा देश किसी से कम नहीं है। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने यह कर दिखाया। हम भी आगे बढ़ेंगे, कुछ नया करके दिखायेंगे। प्रीती, नमिता, सोनाली का कहना था कि आज उन्हें अपने देश के वैज्ञानिकों पर गर्व है।
इनसेट
- आइए आपको एक राष्ट्रीय पार्टी के जश्न से वाकिफ कराते हैं, हर बार की तरह इस बार भी गिने चुने चेहरे कलेक्ट्रेट में जुटे। मंथन हुआ, रणनीति बनी.. बस कुछ ही देर में एक किलो लड्डू मंगवा लिया गया। कुछ ही देर में एक कोने में पार्टी जिंदाबाद का नारा गूंजा, और बस अंगुलियों पर गिने जाने वाले उत्साही पदाधिकारी एक दूसरे को मुंह मीठा कराने में जुट गए। जैसे ही मीडिया के कैमरे बंद हुए, ये पदाधिकारी भी चल दिये। मंगलयान के सफल प्रेक्षापण पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रसन्नता का कुछ यहीं सीन था। कलेक्ट्रेट में भाजपाइयों ने इसी अंदाज में एक दूसरे को मिठाई खिलाई, प्रसन्नता का इजहार किया। मीडिया प्रभारी घनश्याम पांडेय के मुताबिक कलेक्ट्रेट में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष केके मिश्र की अगुवाई में पूर्व विधायक तुलसीदास राय चंदानी, शेष नरायन मिश्र, केके श्रीवास्तव, राजाबाबू गुप्ता, पीयूष मिश्र सहित अन्य पदाधिकारियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।