चोरों ने ताला तोड़कर किया लाखों पर हाथ साफ
गोंडा : बीती रात चोरों ने दरवाजे की कुंडी काटकर घर में घुस गए। घर में रखा 19 हजार रुपए नकद व लाखों के सोने-सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। गृहस्वामी अपने परिजनों के साथ छत पर सोते रहे। सुबह होने पर जब वह लोग नीचे आए तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा है। आलमारियों के ताले टूटे है। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के पिरवरतारा गांव निवासी खलीलउल्ला बुधवार की रात परिवार सहित छत पर सो रहे थे। रात करीब एक बजे के बाद चोर दीवार फांदकर उसके आंगन में घुस आए। कमरे के दरवाजे में लगा ताला व कुंडी काट दी। चोरों ने आराम से घर में रखे सामानों की तलाशी ली। चोर घर में रखी अलमारी,अटैची व अन्य सामान उठा ले गए। गृहस्वामी के मुताबिक 19 हजार रुपए नकद व डेढ़ लाख से अधिक सोने का चैन, गले का हार, झाला व चांदी के गहने चोर उठा ले गए। सुबह चार बजे जब उसकी आंख खुली तो देखा कि सामान बिखरा हुआ है। घर में रखा हुआ सामान भी गायब है। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो देखा कि घर के पूरब एक खेत में अलमारी टूटी पड़ी है। उसके और आगे अन्य सामान बिखरा पड़ा है। गृहस्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष परमहंस यादव ने बताया कि कजरी तीज होने के कारण उन्हें तहरीर के बारे में जानकारी नहीं है। यदि चोरी की वारदात हुई तो मुकदमा दर्ज कर खुलासा किया जाएगा।