'' ..उस दिन सफल मेरा जीवन होगा ''
गोंडा: 'मंगल भवन अमंगलहारी, नारायणी तेरो नाम सुखारी.' 'किस्मत वालों को मिलता है दादी का दरबार..' के भावपूर्ण भजनों से रविवार को श्री श्याम मंदिर गूंज उठा। यहां पर श्री राणी सती दादी का भादी मावस उत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जहां छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान के पात्र को बखूबी निभाया वहीं पर 'जय दादी मां जय हो जय हो झुंझनू मां..' की धुन पर भक्तों ने खूब नृत्य किया।
श्रीश्याम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के मंगल पाठ में दादी जी के जन्म, शिक्षा, विवाह एवं सती हाने की संपूर्ण घटना का छोटे-छोटे बच्चों द्वारा मंचित नृत्य नाटिका एवं गायन के माध्यम से किया गया। दादीजी के जन्मोत्सव एवं विवाह के रोचक प्रसंग पर बधाइयां बांटी एवं पुष्प वर्षा भी की गयी। बच्चों ने बधाई के रूप में खिलौने, टाफियां आदि प्राप्त कर खूब मनोरंजन किया। विवाह के प्रसंग प सेठ तनदास दास जी की बारात बैंड बाजे द्वारा निकाली गयी एवं महिलाओं ने तोरण मारकर द्वारपूजा की एवं नारायणी देवी के साथ जयमाल करायी। छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान के पात्र को बखूबी निभाया।
कार्यक्रम में मंगलपाठ करने के लिए गुजरात से आये सुरेश जोशी ने कहा कि जो भी भक्त दादी जी का मंगल पाठ अपने घरों में कराते हैं या मंगलपाठ सुनते है, दादी स्वयं उनके परिवार की रक्षा करती है। उन्होंने अपने सहयोगी कलाकारों के माध्यम से 'जिस दिन दादी जी तेरा दर्शन होगा, उस दिन सफल मेरा जीवन होगा..', 'किस्मत वालों को मिलता है दादी का दरबार..', 'दादी को नाम अनमोल बोलो जय दादी की..' के भाव पूर्ण भजन सुनाए। दोहे के माध्यम से दादी जी की संपूर्ण लीला को विस्तार से समझाया। मंदिर को फूल एवं गुब्बारों से सजाया गया था। रविवार का दिन होने के कारण महिलाओं के साथ साथ पुरूष भक्तों एवं बच्चों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सायंकाल दादी जी की महाआरती के साथ इस मंगलपाठ का समापन किया गया। मंगलपाठ में प्रतिभाग करने वाली 23 विशिष्ट महिलाओं को दादी नाम का स्मृतिचिंह, सुहाग का सामान प्रसाद के रूप में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रबंधक संजय गोयल, अध्यक्ष महेश सिंघल, उपाध्यक्ष गोविंद जालूका, विनय गर्ग, उत्कर्ष सिंघल, नितेश मित्तल, मुकेश अग्रवाल, नितेश जालान, चांदमल मित्तल, सरोज अग्रवाल, प्रेमलता सिंघल, बेनू मोदी, प्रीति तुलस्यान, पुष्पा सोमानी, विनीता सिंघल, गरिमा सिंघल सहित अन्य मौजूद थे।