दिनभर उमस , बादलों की रही आवाजाही
जागरण संवाददाता, गाजीपुर: गर्मी का सितम जारी है। मंगलवार को 11 बजे तक तो पहले तो सूर्य देवता की तपिश
जागरण संवाददाता, गाजीपुर: गर्मी का सितम जारी है। मंगलवार को 11 बजे तक तो पहले तो सूर्य देवता की तपिश ने सताया बाद में उमस के बढ़ जाने से लोग व्याकुल हो गए। दोपहर 12 बजे सूरज की तपिश इतनी अधिक थी कि इस दौरान लोग छाया का सहारा ढूंढते रहे। पशु पक्षी बेहाल नजर आए। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए स्नान करते देखे गए। हालांकि तेज हवा और आसमान में आ जा रहे बादलों ने काफी राहत भी प्रदान किया। लोग मनाते रहे कि अब बादल केवल दिखें नहीं बल्कि बरसें भी। जिससे इस गर्मी , तपन और उमस से राहत मिले।
कई दिनों से पड़ रही बेतहाशा गर्मी से हर कोई परेशान हो गया है। लोग धूप से बचाव के लिए सिर पर गमछा व छतरी लगाकर जा रहे हैं। गर्मी के बढ़े प्रभाव के कारण हैंडपंपों, पानी और पेय पदार्थ बेचने वाले स्टालों की ओर लोग दौड़ते नजर आ रहे हैं। मौसम की बेरुखी से सबसे ज्यादा रोजेदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी का पारा चढ़ने से रोजेदारों को सबसे ज्यादा मुश्किल हो रही हैं। इतनी प्रचंड गर्मी में दिन के समय में नमाज के लिए मस्जिदों में पहुंचना उनके लिए परेशानी का सबब बन रहा हैं। हालांकि इसके बावजूद भी वह मौसम की परवाह न करते हुए इबादत के लिए मस्जिदों में पहुंच कर नमाज अदा कर रहे हैं।
घाटों पर जुट रही भीड़
प्रचंड गर्मी से राहत पाने के लिए शाम होते ही बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं गंगा घाटों की ओर रुख कर रही है। देर शाम तक लोग बैठकर गर्मी से राहत पाने में जुटे रह रहे हैं। कुछ ऐसा हाल पार्कों का भी है। सुबह शाम गंगा में या नलकूप पर स्नान कर लोग गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते दिख रहे हैं। बच्चे तो घंटों पानी में ही रह रहे हैं।