झूम के बरसे बादल, मौसम हुआ सुहाना
जागरण संवादाता, गाजीपुर: मंगलवार को मौसम ने कई बार तेवर बदले पहले 11 बजे तक तेज तपिश फिर बढ़ी उमस, उ
जागरण संवादाता, गाजीपुर: मंगलवार को मौसम ने कई बार तेवर बदले पहले 11 बजे तक तेज तपिश फिर बढ़ी उमस, उसके बाद शाम तक झमाझम तेज बारिश हो गई। गर्मी से बेहाल लोगों को आसमान में उमड़ते बादल पहले ही उम्मीद दे चुके थे जो बाद में पूरी हो गई। बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली। खेतों, बगीचों में जैसे ¨जदगी लौट आई। तेज हवाओं के साथ करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से सड़कों पर जलजमाव हो गया। कई स्थानों पर टीनशेड वगैरह आंधी में उड़ गए। बारिश के चलते मौसम सुहाना हुआ तो लोग सड़कों पर निकल गए। देर रात तक बाजार में चहल-पहल बनी रही। बारिश से धान के बेहन को काफी फायदा मिला है।
कई दिनों से तपिश भरी गर्मी व उमस से जनजीवन बेहाल था। न दिन में ना ही रात में चैन मिल रहा था। कूलर, पंखा सब बेकार साबित हो रहे थे। अचानक शाम को मौसम ने करवट लिया और काले बादल घिर गए। कुछ ही देर में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को घरों में दुबकना पड़ा। कई स्थानें पर पेड़-पौधे गिर गए।
जंगीपुर: मंगलवार की शाम हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश थमने के बाद किसान खेतों की ओर रूख कर गए। हालांकि जलजमाव के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिरनो: कई दिनों से उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश के बाद राहत मिली। शाम को हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश रुकने के बाद लोग सड़कों पर आए और सुहाने मौसम का आंनद लिए।
बूंदाबांदी से बढ़ी उमस
मुहम्मदाबाद में शाम को हुई बूंदाबादी से उमस बढ़ गई। लोग परेशान हाल दिखे। उसमें भी विद्युत कटौती तो जख्म पर नमक छिड़कने का काम की। बूंदाबादी से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। क्षेत्रीय लोग हो रही बेतहाशा विद्युत कटौती रोकने की मांग कर रहे हैं।
घाटों पर जुट रही भीड़
प्रचंड गर्मी से राहत पाने के लिए शाम होते ही बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं गंगा घाटों की ओर रुख कर रही है। देर शाम तक लोग बैठकर गर्मी से राहत पाने में जुटे रह रहे हैं। कुछ ऐसा हाल पार्कों का भी है। सुबह शाम गंगा में या नलकूप पर स्नान कर लोग गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते दिख रहे हैं। बच्चे तो घंटों पानी में ही रह रहे हैं।