गोली से घायल सेवानिवृत्त शिक्षक की वाराणसी में मौत
जागरण संवाददाता, सादात (गाजीपुर): गोली लगने से घायल अवकाश प्राप्त शिक्षक ने गुरुवार की रात वाराणसी स
जागरण संवाददाता, सादात (गाजीपुर): गोली लगने से घायल अवकाश प्राप्त शिक्षक ने गुरुवार की रात वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वाराणसी में ही शव का पोस्टमार्टम किया गया। शाम तक थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
बता दें कि थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक देवनाथ यादव (75) बऊरवां बाजार में रेडीमेड व जनरल स्टोर की दुकान चलाते थे। शाम को वे दुकान बंद कर अपने गृह क्षेत्र के ही वाल्मिकी यादव की बाइक पर पीछे बैठकर घर जा रहे थे। अभी वह माहपुर स्थित शारदा सहायक खंड पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवर टेककर रोके। जब तक देवनाथ कुछ समझ पाते एक बदमाश ने तमंचा निकालकर गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी। इसके बाद माहपुर गांव की तरफ बदमाश भाग निकले। आनन-फानन उन्हें सैदपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। वहां हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। देवनाथ लच्छीपुर स्थित इंटर कालेज में शिक्षक के पद से वर्ष 2005 में सेवानिवृत्त हुए थे। कोवताल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शाम पांच बजे तक कोई तहरीर नहीं मिली थी।
आखिर क्यों मारी गई गोली
देवनाथ यादव को गोली क्यों मारी गई इसका जवाब कोई नहीं दे पा रहा है। वे काफी मिलनसार स्वभाव के थे। गांव में उनके सभी से मधुर संबंध में थे। उन्हें क्यों और किसने गोली मारी यह सवाल शाम तक अबूझ पहेली बनी रही। हर कोई इसी की चर्चा कर रहा था कि मास्टर को किसने गोली मारी होगी।
घर पर मचा कोहराम
मृत देवनाथ की पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है। वह अपने पीछे दो पुत्र व एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर पर कोहराम मच गया। घरवालों के विलाप से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर गांव के बहुत से लोग वाराणसी पहुंच गए।