छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कंडक्टर को पड़ा भारी
जागरण संवाददाता, गाजीपुर: कालेज की छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्राओं के साथ लंका बस स्टैंड पर छेड़छाड़
जागरण संवाददाता, गाजीपुर: कालेज की छुट्टी के बाद घर लौट रही छात्राओं के साथ लंका बस स्टैंड पर छेड़छाड़ कंडक्टर को महंगा पड़ा। छेड़खानी के विरोध पर मानने के बजाय कंडक्टर का उलझना छात्राओं का धैर्य पार करा गया। 100 नंबर शिकायत हुई और कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस की गिरफ्त में आरोपी कंडक्टर आ गया। उसे पड़ककर कोतवाली लाया गया। छात्राओं ने उसके खिलाफ तहरीर दी। पुलिस हिरासत में लेकर मामले की पड़ताल कर रही है।
नगर के एक कालेज की छात्राएं छुट्टी के बाद लंका स्टैंड पर बस पकड़ने पहुंचीं। आरोप है कि बस में चढ़ने के दौरान कंडक्टर छेड़छाड़ करने लगा। आरोप है कि छात्राओं ने मिलकर इसका विरोध किया तो वह मानने के बजाय गाली-गलौज तक उतर आया। उसकी इस करतूत से आजिज एक छात्रा ने 100 नंबर पर फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया। कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बस स्टैंड से ही कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। छात्राओं के हौंसले की दिन भर चर्चा होती रही।
तब धमकी भी देते हैं कंडेक्टर
कुछ कंडक्टरों द्वारा महिलाओं व छात्राओं से छेड़छाड़ कोई नई बात नहीं है। बस में अगर कोई अकेली महिला, युवती पहुंचती है तो ये उनके साथ छेड़छाड़ करने से बाज नहीं आते थे। दुस्साहस यह कि अब तो वे ग्रुप में चल रहीं छात्राओं से भी छेड़छाड़ की हिमाकत करने लगे हैं। अमूमन देखा सुना भी गया है कि अगर कोई महिला या युवती विरोध करती हैं तो कंडक्टर धमकी भी देते हैं। कई बार तो इसको लेकर मारपीट भी हो चुकी है। लोकलाज के डर से महिलाओं व युवतियों के परिजन पुलिस से शिकायत नहीं करते।