लेखपालों की हड़ताल समाप्ति से बड़ी राहत
गाजीपुर: प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर गुरुवार को लेखपाल संघ ने अपना कार्य बहिष्कार, धरना प्रदर्शन
गाजीपुर: प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर गुरुवार को लेखपाल संघ ने अपना कार्य बहिष्कार, धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। मुख्यमंत्री से वार्ता और मांगों को मान लिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। लेखपाल गत 23 अगस्त से ही कार्य बहिष्कार आंदोलन पर थे। जिससे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों के लिए लोगों को प्रतीक्षा करनी पड़ रही थी। जनपद में लगभग एक लाख ऐसे आवेदन लंबित पड़े हैं। यही नहीं बाढ़ में भी हड़ताल रही जिससे जिला प्रशासन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाढ़ राहत वितरण में भी लेखपालों की मदद के बगैर बनाई गई सूची के कारण लगातार विवाद हो रहे हैं। उनकी हड़ताल समाप्त होने से जिला प्रशासन के साथ आम लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
आंदोलन समाप्त होने की सूचना देते हुए लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार यादव एवं मंत्री राम लखन राम ने बताया कि हमारी अधिकांश मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए कार्यवाही हो रही है। मुख्यमंत्री ने आंदोलन के दौरान की गई किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई को भी वापस लेने का निर्देश दिया है। मांग मान लिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति संघ ने आभार जताया है। साथ ही जिलाधिकारी को कुशल प्रशासक बताते हुए उनके सहयोग पर भी आभार प्रदर्शित किया गया।