आरक्षण हमारा संवैधानिक अधिकार
गाजीपुर : अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी कल्याण निगम का एक दिवसीय महासम्मेलन रविवार को
गाजीपुर : अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी कल्याण निगम का एक दिवसीय महासम्मेलन रविवार को लंका मैदान में किया गया है। इसका विषय पदावनत, शोषण एवं उत्पीड़न के विरुद्ध और आरक्षण बचाओ अस्तित्व बचाओ था। इसमें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का एलान किया गया।
मुख्य अतिथि बसपा के मंडल कोआर्डिनेटर डा. रामकुमार कुरील ने कहा कि 2017 में बसपा की सरकार बनी तो अनुसूचित जाति व जनजाति के कर्मचारियों का शोषण करने वाले लोगों का बख्शा नहीं जाएगा। पदोन्नति में आरक्षण बसपा सुप्रीमों की प्राथमिकता में शामिल है। उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षकों की पदावनति सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या करके की जा रही है। अगर प्रदेश सरकार इसे नहीं रोकती है तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। जितेंद्र कुमार सत्यार्थी ने कहा कि आरक्षण हजारों वर्ष की व्यवस्था है। मनुवादी सोच के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। डा. आर गौतम ने कहा कि पदावनत की कार्रवाई करने वाली प्रदेश सरकार दलित विरोधी है। मिश्री लाल कन्नौजिया ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हमें वहीं लाकर खड़ा कर दिया है जहां से हम चले थे। एबीबीएस जिलाध्यक्ष श्यामनारायण ने कहा कि हम लोगों के संघर्ष का ही परिणाम है कि प्रदेश में अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग की सरकार बनी है। डा. संतन कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों में प्रोफेसरों की नियुक्ति का विभाग को इकाई मानकर आरक्षण देने का जो शासनादेश जारी किया है, इससे हमारे समाज का प्रतिनिधित्व शून्य हो जाएगा। बेचई राम ने कहा कि आरक्षण हमारा संवैधानिक अधिकार है। संगठन के महामंत्री कांत किशोर कौशल ने कहा कि आरक्षण के बिना सामाजिक सम्मान संभव नहीं है। कार्यक्रम में राजेश कौशल, अनिल, रितेश कुमार, इंदल कुमार, ज्ञान सागर, योगेश कांत, यशवंत, जनार्दन, लल्लन राम, राजेंद्र सामंत, आनंद प्रकाश, शीतल केशरी, अर¨वद व सुधीर आदि ने भी संबोधित किया। महासम्मेलन का उद्घाटन आरआर गौतम ने किया। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा गया। कार्यक्रम में बसपा जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार बागड़ी, मंडल कोआर्डिनेटर महेंद्र राम, एजाज अहमद, मनोज राम, मदन मोहन, दिनेश कुशवाहा और अजय कुमार आदि ने डा. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।