जंगीपुर के आंदोलनकारियों को दिलाएंगे न्याय
गाजीपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय ने कहा कि सत्ता मद में चूर प्रदेश
गाजीपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय ने कहा कि सत्ता मद में चूर प्रदेश सरकार के मंत्री बेलगाम और पुलिस निरंकुश हो चुकी है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। जंगीपुर में पुलिस ने जिस बर्बरता से शिक्षाविदों, कलाकारों, विद्वानों व मासूमों पर लाठी बरसाई, उसे भुलाया नहीं जा सकता। सड़क, बिजली, पानी के लिए आंदोलन को कुचलने के लिए लाठी बरसाने वालों पर कार्रवाई व जेल में बंद आंदोलनकारियों की रिहाई के लिए आंदोलन छेड़ा जाएगा। भाजयुमो अध्यक्ष रविवार की शाम सकलेनाबाद में मीडिया से रूबरू थे। वह सोमवार को जिला जेल में जाकर जंगीपुर कांड के पीड़ितों से मिलकर उनके जख्मों पर मरहम रखेंगे।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में पुलिस वाले गुंडे बन चुके हैं। टांडा, बिजनौर आदि जिलों में हुई घटनाओं में मंत्रियों की संलिप्तता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जंगीपुर में आमजन की बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे आमजन पर जो बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया है वह सुनने वालों के भी दिल को दहला देने वाला है। पुलिस के अत्याचार का सिलसिला यही नहीं रूका बल्कि रात में घरों में घुसकर महिलाओं के साथ जो अभद्रता की उसे माफ नहीं किया जा सकता है। कहा कि जिला कारागार में पीड़ितों से मिलकर आगे की रणनीति बनाएंगे। वह आंदोलनकारियों संग बर्बरता करने वाले जंगीपुर एवं सुहवल थानाध्यक्ष के निलंबन के लिए आंदोलन चलाएंगे। साथ ही उन मंत्रियों को भी नहीं छोड़ेंगे जो इस घटना के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। उनका आंदोलन पीड़ितों को न्याय मिलने तक जारी रहेगा।