दर्द को बांटा-क्षति को आंका
करंडा (गाजीपुर) : हाकिम को देखा तो आंखें डबडबा आई। होठ भी फड़फड़ाए लेकिन नहीं फूटे बोल। एक आस जगी,
करंडा (गाजीपुर) : हाकिम को देखा तो आंखें डबडबा आई। होठ भी फड़फड़ाए लेकिन नहीं फूटे बोल। एक आस जगी, आशा की किरण चमकी। लगा अब कुछ दुश्वारियां कम होगी। वैसे हाकिम ने भी निराश नहीं किया। एक-एक किसानों से मिले और उनकी बर्बाद फसलों को देखा। आश्वस्त किया कि आपदा के इस विषम घड़ी में प्रदेश की सरकार किसानों के साथ है। पहले क्षति को आंका जाएगा फिर दुख को बांटा जाएगा। जी हां, गुरुवार को धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र स्थानीय क्षेत्र के कई गांवों में गए और बेमौसम बारिश एवं आलोवृष्टि से हुए फसलों के नुकसान का जायजा लिया।
अधिकारियों की कसी नकेल
गांवों में बर्बाद फसलों के निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री विजय मिश्र की त्योरियां कई बार चढीं। उन्होंने उन अधिकारियों को ग्रामीणों एवं किसानों के सामने ही फटकारा जो पहले गलत आंकलन कर चुके थे। कहा कि अन्नदाता के साथ किसी भी तरह छल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी कि क्षतिपूर्ति का आंकलन किसी भी ढंग से गलत नहीं होना चाहिए।
किसानों के साथ प्रदेश सरकार
राज्यमंत्री ने कहा कि किसानों की पीड़ा से आहत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अधिकारियों से गांव में जाकर उनकी क्षति का आंकलन कर तत्काल शासन से क्षतिपूर्ति जारी कराने का निर्देश जारी किया है। उन्होंने फसलों की क्षति के साथ किसानों के खेत में लगे पंप, मोटर एवं सिंचाई की खराब समाग्री का आकलन तत्काल भेजने का निर्देश दिया है जिससे अविलंब क्षतिपूर्ति कराई जा सके।
अन्य समस्याएं भी सुनीं
गांवों में बर्बाद फसलों के निरीक्षण के दौरान धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री विजय मिश्र फसलों की बर्बादी देख काफी व्यथित हो गए। आंकलन के दौरान उन्होंने किसान विनीत दुबे से मुलाकात कर अन्य मसलन बिजली, पानी व सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के बारे में पूरी जानकारी ली।
आधा दर्जन गांवों में गए
राज्यमंत्री विजय मिश्र क्षेत्र के ब्राह्माणपूरा, मेदनीपुर, सिकंदरपुर, धरम्मरपुर, बयेपुर आदि गांवों में पहुंचकर किसानों के खेतों में गए। गेहूं की बालियों को हथेली पर रगड़ कर उनके दानों का जायजा लिया। कहा कि बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि के अलावा अचानक गंगा के जलस्तर में हुई वृद्धि से खीरा, ककड़ी, परवल को भी काफी क्षति पहुंची है।
ये अधिकारी थे साथ-साथ
उपजिलाधिकारी एके सिंह,नायब तहसीलदार सुशील दुबे, राजेंद्र यादव, दिनेश यादव, लियाकत अली, अशोक यादव आदि थे।