जिला बंद कराएंगे छात्र संगठन
गाजीपुर : पुलिस भर्ती घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठी चार्ज कर उन्हें जेल में डालने
गाजीपुर : पुलिस भर्ती घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठी चार्ज कर उन्हें जेल में डालने से छात्र संगठनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसके विरोध में आल इंडिया स्टूडेंटस एसोसिएशन (आइसा) एवं इंकलाबी नौजवान सभा (इनौस)ने संयुक्त रूप से सरजू पांडेय पार्क में शुक्रवार को धरना दिया। इसमें पुलिस भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच कराने एवं दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की गई।
अमित कुमार यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती में योग्य अभ्यर्थियों को नजरअंदाज कर कुछ विशेष क्षेत्र के अभ्यर्थियों का चयन किया है। यह नौजवानों के साथ सरासर धोखा है। इस प्रकार का रवैया अपनाकर प्रदेश सरकार अपना विश्वास खो रही है। आइसा के जिला सचिव आलोक कुमार यादव ने कहा कि देश में छात्र-नौजवानों का पुलिसिया दमन हो रहा है। इसके खिलाफ पूरे देश में छात्र संगठन आंदोलन चलाएंगे। इनौस के जिलाध्यक्ष मनोज कुशवाहा ने कहा कि पुलिस द्वारा पकड़े गए छात्रनेताओं को तत्काल रिहा करते हुए उनके ऊपर से मुकदमे हटाए जाएं नहीं तो आइसा एवं इनौस जिला बंद का ऐलान करेगी। धरने को अरविंद बिंद्रा, बृजेश वर्मा, अमित कुमार, सतेंद्र कुशवाहा, राघवेंद्र, अमरनाथ, सत्यनारायण यादव आदि ने भी संबोधित किया। सभा में मुकेश कुमार, अभिमन्यु, संदीप, गुल्लू, राहुल, प्रमोद, अजय एवं धीरेंद्र आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता आलोक कुमार यादव एवं संचालन मनोज कुशवाहा ने किया।