लिपिकों की कलमबंद हड़ताल
गाजीपुर : द्वेष की भावना से स्थानांतरण करने का अपने ही अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए नलकूप मंडल क
गाजीपुर : द्वेष की भावना से स्थानांतरण करने का अपने ही अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए नलकूप मंडल के लिपिकों ने मंगलवार को कलमबंद हड़ताल की। इसका आह्वान नौ सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन इरिगेशन डिपार्टमेंट की जनपदीय शाखा ने किया था। यहां कर्मचारी नेताओं ने चेताया कि अफसर मनमानी बंद नहीं करते तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कर्मचारियों के स्थानांतरण के लिए तय नीति को दरकिनार कर किए जा रहे कार्यो को सहन नहीं किया जाएगा। अगर, सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता ने इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई तो आर-पार का संघर्ष होगा। जिला सचिव संतोष तिवारी ने एकता के बल पर ही जीत हासिल होने का पाठ पढ़ाते हुए कर्मचारियों ने चट्टानी ताकत बनाए रखने पर जोर दिया। मंडल मंत्री धर्मदेव राम, अजय सिंह, गनेश प्रसाद, चंद्रभूषण, दिनेश यादव, संतलाल यादव, राजेश, शिवबचन यादव आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता वशिष्ठ सिंह ने की।
यह रहीं प्रमुख मांगें..
-विगत दो वर्ष से विभाग में स्वीकृत परियोजनाएं और बजट, भुगतान की उच्च स्तरीय जांच कराई जाय।
-टाल-मटोल की नीति बंद कर खंडीय लिपिकों की प्रोन्नति तत्काल की जाए।
-अभियंता द्वेष की भावना से स्थानांतरण करने से बाज आएं। नियमानुसार ही पटल परिवर्तन हो।
-वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पदों का सृजन सुनिश्चित किया जाए।