जिंदा महिला को पहुंचाया मर्चरी
गाजीपुर : मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाने वाली 108 नंबर की एंबुलेंस का हैरतअंग
गाजीपुर : मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाने वाली 108 नंबर की एंबुलेंस का हैरतअंगेज कारनामा बुधवार को सामने आया है। एंबुलेंस कर्मी घायल महिला को मुर्दा समझ कर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की जगह मर्चरी के पास छोड़कर भाग गए। काफी देर बाद लावारिस हालत में कराह रही उक्त महिला को लोगों ने इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया तब जाकर उसका इलाज शुरू हो पाया। इस मामले की जांच का जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 108 एंबुलेंस चालक दोपहर महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। उसने आकस्मिक वार्ड में तैनात चिकित्सक से आग्रह किया कि एंबुलेंस में लाई गई महिला को देख लें पर चिकित्सक तैयार नहीं हुए। इसके बाद एंबुलेंस कर्मी महिला को अस्पताल परिसर में ही मर्चरी के पास ले जाकर जमीन पर छोड़ दिया। महिला को जब होश आया तो कुछ मीडियाकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। सूचना देने पर आननफानन में उक्त महिला को आकस्मिक वार्ड में भर्ती कराया गया। जानकारी होने पर पर्यटन मंत्री के प्रतिनिधि मन्नू सिंह खुद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने महिला से उसके साथ हुई घटना के बारे में पूछताछ की। हालांकि महिला कुछ बता नहीं पाई। इसके बाद मंत्री प्रतिनिधि ने इस बाबत जानकारी जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल को दी। बाद में जिलाधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और महिला का हाल जाना। प्रभारी सीएमएस डा. वीके श्रीवास्तव ने बताया कि महिला को आइसोलेशल वार्ड के सामने लिटाया गया था। उसका इलाज चल रहा है।