ठंड ने छीन ली दो जिंदगियां, गलन से दिनचर्या प्रभावित
गाजीपुर : ठंड ने रविवार को दो जिंदगियां छीन लीं। सुबह कोहरे की धुंध छाई रही। दस बजे के बाद भगवान
गाजीपुर : ठंड ने रविवार को दो जिंदगियां छीन लीं। सुबह कोहरे की धुंध छाई रही। दस बजे के बाद भगवान भास्कर के दर्शन हुए। बेतहाशा गलन से मनुष्य, पशु एवं पक्षी सभी परेशान रहे। लंबी दूरी की सभी ट्रेनें विलंबित रही। रेलवे स्टेशन, रोडवेज व प्राइवेट बस स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्रशासन की ओर से अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की जा सकी है। इससे रिक्शा चालकों, ठेला-खोमचा वाले तथा गरीब तबके के लोग ठंड में ठिठुरते नजर आए। अवकाश का दिन होने के कारण लोग घरों में दुबके रहे। जिला अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला बना हुआ है।
भोर से ही घना कोहरा छाया रहा। अवकाश का दिन होने के कारण बाजार में सन्नाटा छाया रहा। अलाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग ठिठुरते रहे। धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। पीजी कालेज वेधशाला के उपप्रेक्षक मदन गोपाल दत्त ने बताया कि न्यूनतम 8.0 एवं अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रही। सुबह की 88 एवं शाम की आद्रता 71 फीसद दर्ज की गई। मरदह : स्थानीय चट्टी व टिसौरी गांव में तहसीलदार ओमप्रकाश गोस्वामी ने 80 लोगों को कंबल वितरित किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील राम, इंद्रदेव सिंह यादव, चितरंजन चौहान, विक्रमा यादव आदि उपस्थित थे।
दो की गई जान
मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के छत्तरपुर गांव के अच्छेलाल कन्नौजिया (37) की ठंड लगने से मौत हो गई। अच्छेलाल सुबह गेहूं की खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान ठंड लगने पर उन्होंने असहज महसूस किया। घर आने के बाद उसने दम तोड़ दिया। भांवरकोल के कठार गांव के अवधेश पांडेय (50) की दोपहर को ठंड लगने से मौत हो गई। अवधेश पांडेय आसाम से दो दिन पूर्व गांव आए थे। रास्ते में ठंड लगने से उनकी तबीयत खराब हो गई थी।
गलन भरी ठंड से लोग परेशान
मुहम्मदाबाद : दो दिन तक मौसम ठीक रहने के बाद अचानक शनिवार को सुबह कोहरा की चादर ने पूरे इलाके को घेर लिया। कोहरा के चलते वाहन चालक हेड लाइट जलाकर चल रहे थे। पछुवा हवा के चलते गलन भरी ठंड से लोग ठिठुरते रहे। ठंड से बचाव के लिए नगर पालिका की ओर से शाहनिन्दा बस स्टैंड, कृषि मंडी बस स्टैंड आदि जगहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। तहसीलदार उमेश चंद निगम ने बताया कि तहसील की ओर से गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किया गया है।
बांटे गए कंबल
जमानियां : क्षेत्र के दौदही गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार को एसडीएम कैलाश सिंह ने 15 वनवासियों को कंबल प्रदान किया। इस मौके पर तहसीलदार बृजमोहन यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख दयाशंकर यादव, प्रदीप यादव, रामवचन यादव आदि उपस्थित थे।
आलू की खेती में कर रहे दवाओं का छिड़काव
मुहम्मदाबाद : गलन व कोहरा से बचाव के लिए आलू की खेती में लगे किसान दवा का छिड़काव शुरू कर दिए है। वहीं अधिकतर किसान खेत की सिंचाई करने में लगे हुए है। फसल पर झुलसा रोग का खतरा मंडराने लगा है। किसान कृषि वैज्ञानिक से संपर्क कर बचाव के टिप्स ले रहे हैं।